वल्लभ भवन से सतपुड़ा तक किया औचक निरीक्षण

  • मंत्रालय में अधिकारियों की हाजिरी पर पैनी नजर, सीएम ने दिए सख्त निर्देश

देर से आने और जल्दी जाने वाले अधिकारियों पर नजर
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम

प्रदेश की प्रशासनिक कार्यप्रणाली में अनुशासन लाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के भोपाल से बाहर दौरे पर होने के बावजूद, सीएम के निर्देशों पर गुरुवार सुबह राजधानी के प्रमुख सरकारी कार्यालयों में छापामार कार्रवाई की गई। इस औचक निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी कर्मचारी और अधिकारी अपनी ड्यूटी के प्रति गंभीर हैं या नहीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव जनहित ही सर्वोपरि के संकल्प के साथ प्रशासन में कसावट लाने में जुट गए हैं। मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया है कि सरकारी दफ्तरों में आने वाली जनता को अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण परेशान नहीं होना पड़ेगा। इसी कड़ी में गुरुवार को सामान्य प्रशासन विभाग और मुख्यमंत्री सचिवालय की संयुक्त टीमों ने सुबह ठीक 10 बजे वल्लभ भवन, सतपुड़ा और विंध्याचल भवन के गेटों और विभागों में जांच टीमें तैनात कर दी गईं। जो कर्मचारी समय पर अपनी कुर्सी पर नहीं मिले, उनके खिलाफ रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
सुबह 10 से शाम 6 तक ड्यूटी का नया पैमाना
सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सुबह 10:00 बजे अनिवार्य रूप से कार्यालय पहुंचना होगा। शाम 6:00 बजे तक कार्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करनी होगी। बीच के समय में अनधिकृत रूप से गायब रहने वाले या बार-बार बाहर जाने वाले कर्मचारियों की ट्रैकिंग की जाएगी।

Related Articles