
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
मध्य प्रदेश वन महकमे का मुखिया कौन होगा, इस पर 27 फरवरी को पर्दा हट सकता है। लेकिन सूत्रों की मानें तो इस बार वरिष्ठ अधिकारी को इस पद पर बैठाए जाने की परंपरा टूट सकती है और दो अधिकारियों को सुपरसीड करते हुए वन्य प्राणी पीसीसीएफ शुभरंजन सेन को नया वनबल प्रमुख बनाया जा सकता है। गौरतलब है कि मौजूदा वनबल प्रमुख विजय कुमार अंबाडे 28 फरवरी को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। वे इस पद पर लगभग सात माह ही रहे। इसके लिए पिछले दिनों विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक हुई थी, जिसमें वरिष्ठता के आधार पर एचयू खान सहित तीन अन्य अधिकारियों के नामों पर मंथन किया गया था। बताया गया है कि तब ऐसा माना जा रहा था कि एचयू खान अगले हॉफ हो सकते हैं। लेकिन सूत्र इस अनुमान पर मुहर नहीं लगा रहे हैं। उनका कहना है कि इस बार राज्य शासन चाहता है कि इस प्रमुख पद पर ऐसे अधिकारी को बैठाया जाए, जिसने बेहतर कार्य परिणाम दिए हैं और कम से कम उसे इस पद पर काम करने के लिए एक से डेढ़ साल का समय मिल सके। खान छह माह बाद सेवानिवृत्त हो जाएंगे। इसी तरह पीसीसीएफ एचआरडी विभाष ठाकुर की सेवाएं भी इतने ही समय की बची हैं। विभाग से जुड़े सूत्रों की मानें तो डीपीसी से पहले नए वनबल प्रमुख की नियुक्ति को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा की थी। सीएम के पास वन विभाग की जिम्मेदारी है। बताया गया है कि तब सीएम ने सुझाव दिया कि ऐसे अधिकारी को इस पद पर बैठाया जाए, जो बेहद अनुभवी और जिनकी कम से कम एक से डेढ़ दो साल तक सेवाएं बची हैं।
