
समूहों के उत्पाद अमेजन सहेली, इंडिया पोस्ट और ई-प्लेटफार्म पर होंगे उपलब्ध
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में स्वसहायता समूहों की आजीविका मिशन कार्यशाला का शुभारंभ किया। सीएम ने कहा, प्रदेश के 5 लाख स्व-सहायता समूहीं से 65 लाख से अधिक दीदियां जुडक़र सशक्त हुई हैं। इनमें से 12 लाख से अधिक लखपति दीदी बन चुकी हैं। समूहों ने एक साल में विभिन्न कंपनी और मेलों से 310 करोड़ का व्यापार किया है। 50 हजार बहनें प्राकृतिक खेती में जुटी हैं। सीएम ने बताया कि 2026-27 के बजट में महिला बाल विकास विभाग में 26 प्रतिशत की बढ़ोतरी और बजट का 34 प्रतिशत हिस्सा ग्रामीण विकास पर खर्च करने की जानकारी दी। इस दौरान आजीविका मिशन के साथ इंडिया पोस्ट, अमेजन सहेली, एक्सेस डेवलपमेंट सर्विस, बुद्धा इंस्टीट्यूट, टीआरआइएफ, साइटसेवर संस्थान के साथ एमओयू का आदान-प्रदान हुआ। इससे इनके उत्पाद ई-प्लेटफॉर्म पर भी मिल सकेंगे।
छात्रों की डिजिटल निगरानी, 75 प्रतिशत हाजिरी पर मिलेगी छात्रवृत्ति
नए शैक्षणिक सत्र से कॉलेज और विश्वविद्यालयों में पढऩे वाले छात्रों के लिए नई व्यवस्था लागू होने जा रही है। अब तक जहां शैक्षणिक एवं अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति डिजिटल ऐप के जरिएसन की जाती थी। वहीं अब छात्रों की अटेंडेंस भी पूरी तरह डिजिटल होगी। खास बात यह है कि प्रोफेसर्स की तरह छात्रों की लोकेशन भी ऐप के माध्यम से ट्रेस की जाएगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे वास्तव में परिसर में मौजूद हैं। उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने एक कार्यक्रम के दौरान उच्च शिक्षा विभाग को ये निर्देश दिए थे। यह व्यवस्था प्रदेश के सभी शासकीय और अनुदान प्राप्त कॉलेजों में लागू होगी। नई व्यवस्था का सीधा असर छात्रवृत्ति पर पड़ेगा। स्पष्ट निर्देश है कि जिनकी उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम होगी, उन्हें छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिलेगा। विभाग का तर्क है कि इससे कक्षाओं में नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और पढ़ाई का स्तर सुधरेगा।
हूटर लगा वाहन दौड़ा रहे थे भाजपा जिला उपाध्यक्ष, पुलिस ने पकड़ा
जिला भाजपा के नवनियुक्त उपाध्यक्ष का तेज रफ्तार से दौड़ता वाहन पुलिस ने जब्त कर लिया। दरअसल, सत्तादल का रौब दिखाते भाजपा नेता पंकज मोडे पुलिस चेकिंग के दौरान हूटर बजार निकल रहे थे। वाहन में प्रतिबंधित काली फिल्म लगी थी और उसमें वैध बीमा भी नहीं था। छतरपुर पुलिस ने मंगलवार की देर रात रूटीन जांच में इस वाहन को जब्त किया। हालही में जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए भाजपा नेता पांडे तेज रफ्तार से वाहन चला रहे थे। प्रशिक्षु आइपीएस लेखराज मीणा ने वाहन को रोककर तलाशी ली और नियमों का उल्लंघन पाने पर वाहन जब्त कर थाने में खड़ा करा दिया। नौगांव रोड पर प्रशिक्षु आइपीएस मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान भाजपा नेता तेज रफ्तार से हूटर बजाते निकले। जब पुलिस ने वाहन की जांच की तो उसमें गाड़ी के शीशों पर प्रतिबंधित काली फिल्म, अवैध रूप से हूटर का इस्तेमाल करने के साथ बिना बीमा के संचालन पाया।
उज्जैन: वसुंधरा राजे बोलीं- सुख-दुख के साथी हैं बाबा महाकाल
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया बुधवार को धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचीं। सुबह करीब 10 बजे सिंधिया ने नंदी हाल से भगवान महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। वसुंधरा राजे ने भगवान वीरभद्र एवं सहाकालेश्वर ध्वज चल समारोह के लिए तैयार विशेष ध्वज का विधि विधान से पूजन किया। मीडिया से चर्चा में उन्होंने मंदिर की सुव्यवस्थित दर्शन प्रणाली की प्रशंसा की। कहा, राजस्थान से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दरबार में आते हैं। महाकाल का हम सभी पर सदैव आशीर्वाद रहा है। जीवन के हर सुख-दुख में हम महादेव की शरण में आते हैं। मंदिर प्रबंध ने उनका स्वागत कर प्रतीक चिह्न दिया। सरकार की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने जनता की भावनाओं को ध्यान में रखकर मंदिर के सौंदर्यीकरण और विकास की परिकल्पना की थी। उसी का परिणाम है कि आज मंदिर भव्य और दिव्य स्वरूप में नजर आता है।
