
कलेक्टर-एसपी प्रदेश में कानून व्यवस्था सुनिश्चित करें: सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में नागरिकों का सामान्य जन-जीवन सुनिश्चित करने के लिए अपराधों पर पूर्ण नियंत्रण की कार्यवाही की जाए। कानून व्यवस्था की जिले में अच्छी एवं आदर्श स्थिति रहे, यह कलेक्टर, एसपी सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने गुरुवार की रात मुख्यमंत्री निवास पर कलेक्टर्स, एसपी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम द्वारा चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए क्राइम कंट्रोल पहली प्राथमिकता हो, इसके लिए पुलिस की नियमित गश्त होना चाहिए। उन्होंने अफसरों से चर्चा करते हुए कहा कि किसानों को कहीं भी खाद की समस्या ना हो, उचित प्रबंधन करें। वितरण व्यवस्था सुधारने पर ध्यान दें। खाद लेने के लिए अधिक देर लाइन में लगने की नौबत ना आए, ऐसी व्यवस्था बनाएं। किसी किसान को दिक्कत नहीं आनी चाहिए। अधिकांश जिलों में ठंड की अधिकता को देखते हुए जनता के लिए व्यवस्थाएं बनाएं। गांवों से शहरों में या केंद्रों में खाद क्रय करने आए किसान बंधुओं के लिए भी शीतकाल से बचाव के आवश्यक उपाय करें।
सीएस की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय स्टीयरिंग कमेटी गठित
प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत मप्र की तीन नदी परियोजनाओं के कमांड क्षेत्र विकास आधुनिकीकरण के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मुख्य सचिव अनुराग जैन की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय स्टीयरिंग कमेटी गठित की गई है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेशानुसार कृषि उत्पादन आयुक्त, अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव, जल संसाधन, नर्मदा घाटी विकास, वित्त, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, वन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, प्रमुख अभियंता जल संसाधन, अभियांत्रिकी नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण, आयुक्त कमांड क्षेत्र विकास भोपाल, मुख्य अभियंता, केंद्रीय जल आयोग, भोपाल और मुख्य अभियंता (बोधी), जल संसाधन, भोपाल समिति में सदस्य होंगे।
जिलों में अब संगठन मंत्रियों के स्थान पर जिला महासचिव की नियुक्ति होगी
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मप्र कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक आयोजित की गई। साढ़े तीन घंटे चली बैठक में एसआईआर का मुद्दा छाया रहा। बैठक में प्रदेश में जारी एसआईआर प्रक्रिया की समीक्षा की गई और आने वाले दिनों में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची में फर्जीवाड़ा रोकने को लेकर कार्ययोजना तैयार की गई। सूत्रों का कहना है कि बैठक में संगठन विस्तार पर चर्चा के दौरान जिला संगठन मंत्रियों की नियुक्तियां निरस्त करने को लेकर भी बातचीत हुई। निर्णय लिया गया कि जिलो में संगठन मंत्रियों के स्थान पर जिला महासचिव नियुक्त किए जाएंगे। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कई स्थानों से शिकायतें आ रही हैं कि कांग्रेस समर्थक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से गायब किए जा रहे हैं।
एक दिसंबर को गीता महोत्सव में अधिक से अधिक जन भागीदारी सुनिश्चित करें
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक दिसंबर को गीता जयंती पर अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव पर राज्य में हो रहे कार्यक्रमों की तैयारी की जानकारी प्राप्त कर जरूरी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अभ्युदय मध्य प्रदेश (गवर्नेंस एंड ग्रोथ समिट) निवेश से रोजगार (अटल संकल्प उज्जवल मध्य प्रदेश) के अंतर्गत 25 दिसंबर को ग्वालियर में हो रहे कार्यक्रम के संबंध में भी अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने गीता महोत्सव के संबंध में सीएम हाउस से वीडियो कॉन्फ्रेंस द्वारा जिला कलेक्टर्स और पुलिस अधिकारियों से चर्चा की। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन सहित संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक दिसंबर गीता जयंती पर गीता महोत्सव के अंतर्गत होने वाली गतिविधियों में जन सामान्य की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
