
बिच्छू डॉट कॉम। एक हजार करोड़ रुपए की धोखाधड़ी षे आरोपी मोहित गोगिया के सनसनीखेज आरोपों के बाद डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के ओएसडी रहे दीपम रायचूरा से जुड़े कथित शराब ठेका मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। रायचूरा पर टीटी नगर की दो शराब दुकानों का ठेका दिलाने के नाम पर एक करोड़ रुपए की घूस लेने का आरोप है। रायचूरा को ओएसडी पद से हटाए जाने के बाद अब जांच कमेटी ने शराब ठेकों से जुड़ी फाइलें खंगालना शुरू कर दिया है। शुरुआती जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर अब रायचूरा पर कार्रवाई की जा सकती है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि ऑनलाइन प्रक्रिया के बाद दोनों दुकानों के ठेके किसे मिले, उनके लिए कितनी राशि की बोली लगाई गई और दुकानों का संचालन कौन कर रहा था। ठेका लेने की प्रक्रिया में तीसरे व्यक्ति की क्या भूमिका थी और किस व्यक्ति के नाम से चेक जमा किए गए थे, इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है।
