सागर, मुरैना और ग्वालियर में भी अब आधार सेवा केंद्र खुले

 आधार सेवा केंद्र

प्रदेश के नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के दिल्ली क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा गुरुवार को प्रदेश के सागर, मुरैना और ग्वालियर में नए आधार सेवा केंद्र प्रारम्भ किए गए। ग्वालियर आधार सेवा केंद्र का कलेक्टर रुचिका चौहान और मुरैना में कलेक्टर लोकेश जांगिड़ ने शुभारंभ किया। अब भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, शिवपुरी, उज्जैन, राजगढ़, रायसेन, विदिशा, भिंड, सागर और मुरैना सहित 12 जिलों में संचालित हो रहे हैं। ये केंद्र सप्ताह के सातों दिन कार्यरत रहेंगे। इन केंद्रों पर आधार नामांकन, जनसांख्यिकी एवं बायोमेट्रिक अद्यतन सहित विभिन्न आधार सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही नागरिकों की सुविधा के लिए आधुनिक व्यवस्थाएं, सुलभ शौचालय और केंद्र प्रबंधक की व्यवस्था की गई है। साथ ही दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों एवं गर्भवती महिलाओं के लिए पृथक सेवा काउंटर भी बनाए गए हैं। यूआईडीएआई राज्य कार्यालय, भोपाल के निदेशक सुमित मिश्रा ने बताया कि प्रदेश में 24 अन्य जिलों में भी नए आधार सेवा केंद्र स्थापित करने की प्रक्रिया प्रगति पर है।

Related Articles