
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, उनकी राजनीति का केंद्र केवल विकास है, विपक्ष पर टिप्पणी करना नहीं। वे शनिवार को ग्वालियर प्रवास पर पहुंचे थे। यहां मीडिया से चर्चा में कहा, मैं उस रेस के घोड़े की तरह हूं, जिसकी आंखों पर ब्लिंकर लगाए जाते हैं ताकि वह इधर-उधर न देखकर केवल अपनी मंजिल पर ध्यान दे। मेरी आंखों पर भी विकास और प्रगति के ब्लिंकर लगे हैं। इसलिए दूसरे दलों पर टिप्पणी करना मेरा लक्ष्य नहीं है। सिंधिया ने कहा, उनका पूरा ध्यान पीएम के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने पर है। दतिया उपचुनाव को लेकर सिंधिया ने भाजपा की जीत का भरोसा जताते हुए कहा, वहां पीएम मोदी के नेतृत्व को समर्थन मिलेगा।
