
एमपी के वरिष्ठ आईपीएस राजाबाबू सिंह जो इस समय एडीजी रेल के पद पर तैनात हैं। उनको अपने गृह जिले बांदा की चिंता सता रही है। दरअसल यूपी के बांदा जिले में देश का सबसे ज्यादा तापमान वाला जिला घोषित किया गया है। यहां 27 अप्रैल को पारा 47.6 डिग्री पर पहुंच गया था। इसके बाद एडीजी रेल ने एक वीडियो संदेश जारी कर बांदा की स्थिति पर चिंता व्यक्त की है। उन्होने कहा कि मैं सिविल सर्विस कंडक्ट रूल्स से बंधा हूं, लेकिन बांदा मेरा गृह जिला है। वहां प्रचुर प्राकृतिक संपदा और केन-बेतवा जैसी नदियां होने के बावजूद मिस मैनेजमेंट के कारण आज बांदा दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल हो गया है। यह हमारे ऊपर एक कलंक है। उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि केन नदी में अवैध खनन और पहाडिय़ों के कटान को तत्काल रोका जाए। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि बांदा, महोबा और हमीरपुर में अगले 10 सालों के लिए माइनर मिनरल (बालू और स्टोन क्वेरिंग) के ठेके पूरी तरह बंद कर दिए जाने चाहिए। जब तक प्रकृति खुद को रिकवर न कर ले, तब तक खनन पर रोक अनिवार्य है। आईपीएस ने कहा कि बांदा का तापमान दुनिया में सबसे ज्यादा रिकॉर्ड होना चिंताजनक है। अवैध माइनिंग ने नदियों का स्वरूप बिगाड़ दिया है और पहाड़ खत्म होने से जिला हीट चैंबर बन गया है।
