
मध्यप्रदेश सरकार के संसदीय कार्यमंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि उन्हें पार्टी हाईकमान ने पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार से दूर रहने को कहा है। उन पर वहां 38 फर्जी केस दर्ज हैं, जिनके वारंट निकले हुए हैं यदि प्रचार के लिए पश्चिम बंगाल गया, तो मेरी गिरफ्तारी हो जाएगी। पत्रकारों से चर्चा करते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि जब वे पश्चिम बंगाल के संगठन प्रभारी थे, तब उन्हें लेकर वहां की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बेहद परेशान रहती थीं। तब विधानसभा चुनाव के दौरान जब वे पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार में थे, तब एक स्थान पर 5 से 10 लाख मुस्लिम एकत्र हो गए थे। अगर आज मैं जिंदा हूं तो मुझ पर बजरंगबली की कृपा है, नहीं तो मेरी फोटो पर माला लग जाती। विजयवर्गीय ने कहा कि इस बार बंगाल में भाजपा के प्रति जबरदस्त माहौल है। बिना गाडिय़ां लगाए 10 से 15 किमी दूर से लोग प्रधानमंत्री की सभाओं में उन्हें सुनने पहुंच रहे हैं।
