गुना के कुंभराज धनिया को जल्द जीआई टैग मिलने की उम्मीद

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि कृषक कल्याण वर्ष में प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि के साथ पशुपालन और उद्यानिकी को भी बढ़ावा दे रही है। प्रदेश में उद्यानिकी का रकबा 20 प्रतिशत बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, गुना जिले के प्रसिद्ध कुंभराज धनिया को जल्द ही जीआई टैग मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास से गुना कृषि उपज मंडी में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि युवाओं को भी उन्नत गोपालन, डेयरी, कृषि और उद्यानिकी गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने किसानों से सामाजिक कुरीतियों को छोडऩे, विवाह और अन्य आयोजनों में अनावश्यक खर्च कम करने, कृषि भूमि नहीं बेचने तथा बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कृषि एवं अन्य विभागों की योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई गई। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने किसानों को उन्नत तकनीक और प्राकृतिक खेती की जानकारी दी।

Related Articles