
बिच्छू डॉट कॉम। मप्र किसान कांग्रेस के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा में कहा कि किसानों की बदहाली और सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में 9 अप्रैल को पार्टी प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी। प्रदेश के सभी जिलों में कलेक्टर कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर किसानों को बिचौलियों के हवाले करने का गंभीर आरोप लगाया। धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव के समय भाजपा ने 2700 रुपए प्रति क्विंटल गेहूं खरीदने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आते ही सरकार ने मात्र 40 का बोनस देकर किसानों के साथ ऊंट के मुंह में जीरा वाला व्यवहार किया है। पड़ोसी राज्य राजस्थान में 150 रुपए बोनस दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने खरीदी की तारीखों को तीन बार आगे बढ़ाया है।
