
बिच्छू डॉट कॉम। मप्र कांग्रेस अब प्रदेशभर में किसानों को संगठित करने के लिए एक नया कॉन्सेप्ट लेकर आई है। किसान कांग्रेस के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि पार्टी हर ग्राम स्तर पर पांच-पांच किसान न्याय योद्धा तैयार कर रही है। इन योद्धाओं के माध्यम से किसानों की ज्वलंत और स्थानीय समस्याओं को लेकर आंदोलन खड़ा किया जाएगा। इसके तहत हर तहसील के लगभग 500 लोगों की टीम गठित की जाएगी, जिन्हें एक विशेष ड्रेस कोड भी दिया जाएगा। इस तरह प्रत्येक जिले से 10 से 12 हजार किसानों को इस मुहिम से जोडऩे का लक्ष्य है। इन कार्यकर्ताओं को किसानों के अधिकारों, सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत और प्रशासनिक अधिकारियों से हक की लड़ाई लडऩे के लिए एक साल तक विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। इस अभियान की शुरुआत विदिशा जिले से कर दी गई है।
