
प्रदेश के राज्य स्तरीय विश्वविद्यालयों में रिक्त सहायक कुलसचिव पदों पर भर्ती के लिए मप्र लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने रविवार को लिखित परीक्षा आयोजित की। परीक्षा प्रदेश के चार शहर इंदौर, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर के 31 केंद्रों पर हुई। करीब 42 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा से दूरी बनाई, जबकि 58 प्रतिशत उम्मीदवार ही परीक्षा में शामिल हुए। आयोग लगभग 12 हजार अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की थी, लेकिन 6960 अभ्यर्थियों ने ही परीक्षा दी। इंदौर में बनाए गए 11 परीक्षा केंद्रों पर 63 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। यहां 3213 परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे। दोपहर 12 से 3 बजे तक आयोजित परीक्षा के लिए अभ्यर्थी सुबह 10:30 बजे से ही केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। परीक्षा को लेकर सुरक्षा और पारदर्शिता के विशेष इंतजाम थे। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की तीन स्तर पर जांच की गई। सबसे पहले एडमिट कार्ड की जांच हुई, इसके बाद मेटल डिटेक्टर से तलाशी ली गई।
