50 प्रतिशत किसान गेहूं नहीं बेच पाए, खरीदी तारीख बढ़ाएं

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी ने रविवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा में आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार लगातार गेहूं खरीदी को लेकर झूठे दावे कर रही है। सरकार एक ओर एमएसपी पर 100 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदी का आंकड़ा पेश कर रही है, जबकि दूसरी ओर प्रदेश में अभी भी लगभग 160 लाख मीट्रिक टन गेहूं किसानों के पास मौजूद है। इससे स्पष्ट है कि लाखों किसानों का गेहूं अब भी खरीदी केंद्रों तक नहीं पहुंच पाया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों से वादा किया था कि किसानों से गेहूं का एक-एक दाना खरीदा जाएगा, लेकिन जमीनी स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। किसान लगातार स्लॉट बुकिंग के लिए परेशान हैं और प्रदेश के लगभग 50 प्रतिशत किसान अब भी स्लॉट मिलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले गेहूं खरीदी की तारीख बढ़ाने की घोषणा की थी, लेकिन वास्तविकता यह है कि 30 मई तक स्लॉट बुकिंग रखने की बजाय सरकार ने तारीख घटाकर 28 मई कर दी। यह किसानों के साथ खुला अन्याय और छलावा है। चौधरी ने मांग की कि प्रदेश सरकार तत्काल गेहूं खरीदी की अवधि बढ़ाए, सभी किसानों को तत्काल स्लॉट उपलब्ध कराए, सर्वर और ऑनलाइन व्यवस्था को सुचारू बनाए।

Related Articles