
बिच्छू डॉट कॉम। महिला एवं बाल विकास विभाग के उज्जैन जेडी राजेश मेहरा के खिलाफ मुख्यमंत्री सचिवालय, महिला एवं बाल विकास मंत्री और विभागीय आयुक्त को गोपनीय शिकायत भेजी गई है। इसमें उज्जैन संभाग के सात जिलों में अधिकारियों-कर्मचारियों पर कथित दबाव, अवैध वसूली, शासकीय संसाधनों के इस्तेमाल और कर्मचारियों के साथ अमर्यादित व्यवहार सहित कई आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच के साथ संबंधित अधिकारी के स्थानांतरण की मांग की है। वहीं नीमच और शाजापुर जिले के कलेक्टरों ने भी अपना प्रतिवेदन शासन को भेजा है। करीब दो सप्ताह पहले भेजी गई शिकायत में दावा किया गया है कि अधिकारी के पदस्थ होने के बाद संभाग के विभिन्न जिलों में अधीनस्थ अमले पर दबाव का माहौल बना।
