राज्य सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में कसावट लाते हुए बड़ा कदम उठाया है। राज्य शासन ने मंगलवार देर रात कड़ा रुख अपनाते हुए राज्य प्रशासनिक सेवा (एसएएस) के 17 अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से एकतरफा कार्यमुक्त कर दिया है। ये सभी अधिकारी पिछले दो महीनों के दौरान हुए तबादलों के बावजूद अपनी नई पदस्थापना वाली जगह पर जॉइनिंग नहीं दे रहे थे और पुराने स्थानों पर ही डटे हुए थे। जारी सूची के अनुसार, सतना जिला पंचायत के सीईओ शैलेंद्र सिंह को दतिया जिला पंचायत सीईओ तथा रीवा की अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी को सतना जिला पंचायत सीईओ के पद पर स्थानांतरित किया गया था। इसके अलावा पियूष भट्ट (रीवा), हुनेंद्र घोरमारे (मंडला), मायाराम कोल व राहुल नायक (बालाघाट), कैलाश चंद्र ठाकुर व आकांक्षा करोठिया (खरगोन), सुधीर कुमार जैन (छिंदवाड़ा), अनुराग तिवारी (रीवा), प्रियंका वर्मा (सिवनी), मेघा पंवार (धार), वैद्यनाथ वासनिक (डिंडौरी) और रेखा देशमुख (सिवनी) शामिल हैं।
