मेसी के देश ने हमें धोखा दिया: वी. अब्दुरहीमान

वी. अब्दुरहीमान

मलप्पुरम (केरल)। केरल के खेल मंत्री वी अब्दुरहीमान ने गुरुवार को कहा कि अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम ने पैसे लेने के बावजूद यहां मैच खेलने के लिए नहीं आकर राज्य को धोखा दिया। अब्दुरहीमान ने कहा कि वह वास्तव में चाहते थे कि अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम और लियोनल मेसी केरल आएं और राज्य में एक मैच खेलें।

उन्होंने एक टीवी चैनल से कहा, ‘इसके लिए मैंने कई बार बातचीत की थी। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टीम को देने के लिए 250 करोड़ रुपये की धनराशि जुटाने के लिए प्रायोजक ढूंढना आसान काम नहीं था।’ अब्दुरहीमान ने कहा, ‘लेकिन पैसे मिलने के बावजूद अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम ने हमें धोखा दिया। हमें उनसे ऐसे विश्वासघात की उम्मीद नहीं थी। वादा करने के बावजूद उसकी टीम यहां नहीं आई।’ केरल के खेल मंत्री ने कहा कि जब उन्होंने इस संबंध में पूछताछ की तो पता चला कि अर्जेंटीना ने पांच अन्य देशों के साथ भी ऐसा ही किया था। अब्दुरहीमान ने कहा, ‘उन्होंने उन देशों से पैसे तो लिए लेकिन वहां खेलने नहीं गए। यह एक ऐसी स्थिति है जिसमें अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम के खिलाफ मामला दर्ज करना होगा और उन्हें हमें मुआवजा देना होगा।’

उन्होंने कहा कि राज्य अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम का बेसब्री से इंतजार कर रहा था लेकिन उनके व्यवहार से उन्हें काफी दुख हुआ। अब्दुरहीमान ने कहा, ‘इससे केरल के फुटबाल प्रेमियों को निराशा हुई है। मैं कितना निराश हूं इसको मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता हूं।’ पिछले साल नवंबर में मंत्री ने कहा था कि अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम और स्टार स्ट्राइकर मेसी मार्च 2026 में केरल का दौरा करेंगे।

Related Articles