दायरे में रहकर ही काम करेंगे… कांग्रेस के विभाग व मोर्चा-प्रकोष्ठ

  • चुनाव के लिए बनेगी गाइडलाइन

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। अनुसूचित जाति-जनजाति, पिछड़ा वर्ग सहित विभिन्न वर्गों के बीच काम करने के लिए कांग्रेस ने विभाग, मोर्चा-प्रकोष्ठ बनाए हैं। उद्देश्य है कि सब अपने-अपने वर्गों में फोकस होकर काम करें लेकिन ऐसा हो नहीं रहा है। कोई भी किसी भी मुद्दे पर धरना-प्रदर्शन करने लगता है। इससे पार्टी का उस वर्ग पर फोकस नहीं हो पाता और इसका लाभ पार्टी को नहीं मिलता। इसे देखते हुए प्रदेश कांग्रेस ने तय किया है कि सभी संगठनों के पदाधिकारियों के बुलाकर उनकी कार्य योजना पूछी जाएगी। इसके आधार पर गाइड लाइन बनेगी, जिसमें यह स्पष्ट रहेगा कि वे अपने दायरे में रहकर पूरी ताकत के साथ काम करें ताकि इसका लाभ पार्टी को आगामी चुनावों में मिल सके।

प्रदेश में कांग्रेस के 80 के आसपास विभाग, मोर्चा और प्रकोष्ठ हैं। इनका गठन इसलिए किया गया है ताकि वे वर्ग विशेष पर फोकस होकर काम करें, जिसका लाभ पार्टी को मिले, लेकिन देखने में आया है कि अनुसूचित जाति विभाग कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाने लगता है तो धर्म-समाज प्रकोष्ठ महंगाई को लेकर प्रदर्शन कर देता है। इसी तरह अन्य संगठनों की भी स्थिति है। चूंकि, पार्टी का जोर संमदन के सशक्तीकरण के साथ इस बात पर भी है कि सभी वर्गों को पार्टी से जोड़ा जाए। इसमें विभाग मोर्चा और प्रकोष्ठों की भूमिका है। इसे देखते हुए प्रदेश कांग्रेस ने तय किया है कि सभी संगठनों के पदाधिकारियों को भोपाल बुलाकर उनसे ही पूछा जाए कि वे अपने-अपने वर्ग को पार्टी से जोड़ने को लेकर उनकी सोच क्या है, क्या कदम उठाएंगे। इसे लेकर जो कार्य योजना बनाई है, उसे वे साझा करेंगे। इसके साथ ही जो भूमिका पार्टी ने उनके लिए सोची है, उसे बताया जाएगा।

Related Articles