दिग्गज नेताओं का बढ़ेगा और कद

  • मप्र भाजपा की नई कोर कमेटी बनेगी…

गौरव चौहान
 मप्र में भाजपा की नई कोर कमेटी का बहुत जल्द ही ऐलान होने वाला है। क्योंकि 22 नेताओं के नाम दिल्ली में भेज दिए गए हैं।  इन 22 नेताओं के नाम मंजूरी के लिए दिल्ली भेजते ही हलचल भी तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि कुछ बड़े और दिग्गज नेताओं की भूमिका और मजबूत हो सकती है। लेकिन इस पर फैसला आलाकमान ही लेगा। संभावना जताई जा रही है कि मप्र भाजपा की नई कोर कमेटी का ऐलान आज हो सकता है। जानकारी के अनुसार, 14 अप्रैल को कोर कमेटी की पहली बैठक है जिसमें रणनीति पर मंथन होगा। चर्चा है कि 14 अप्रैल को कोर ग्रुप की संभावित बैठक में पुराने सदस्य ही शामिल होंगे, जिनके द्वारा प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में सरकारों द्वारा किए जा रहे कार्यों को किस तरह से जन-जन तक पहुंचाया जाए। इस पर मंथन किया जाएगा। इसके अलावा यूसीसी और अन्य विषयों पर भी बैठक में चर्चा की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, मप्र भाजपा के कोर ग्रुप में तीन महिला नेत्रियों को शामिल किया जा सकता है। इनके नामों पर दिल्ली से मुहर लगाई जाएगी। केंद्रीय नेतृत्व राज्यों के विधानसभा चुनाव में व्यस्त है, जिसकी वजह नए कोर ग्रुप के नाम तय नहीं हो पा रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि 14 अप्रैल को प्रस्तावित बैठक मौजूदा कोर ग्रुप ही करेगा। गौरतलब है कि प्रदेश कोर ग्रुप को नए सिरे से गठित किया जाना है। इसके लिए केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश के बाद प्रदेश भाजपा ने संभावित नामों की सूची तैयार की है। सूची को दिल्ली भेजा गया है, लेकिन संभावित सूची में महिला नेत्रियों की भागेदारी नहीं होने की वजह से सूची पर मुहर नहीं लग सकी है। कहा गया है कि सूची में 2 से 3 महिला नेत्रियों के अलावा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग का प्रतिनिधित्व देने को भी कहा गया है। जिससे सूची को घोषित नहीं किया जा सका।
नए कोर ग्रुप में दिखेगा संतुलन
भाजपा से जुड़े सूत्रों की मानें तो नए कोर ग्रुप में एक विधायक महिला या कैबिनेट मंत्री, दो केंद्रीय मंत्री, प्रदेश संगठन के वरिष्ठ पदों पर बैठे किसी अनुसूचित जनजाति वर्ग से आने वाले वरिष्ठ नेता, राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय अनुसूचित जाति के नेता को शामिल किया जा सकता है। मध्यप्रदेश भाजपा की कमान संभालने के बाद हेमंत खंडेलवाल ने कोर ग्रुप की बैठके बुलाने की पहल की थी। इस पर बैठकें भी हुई, लेकिन खंडेलवाल के कार्यकाल में अब तक केवल दो ही बैठकें हो सकी हैं और वह भी पहले से गठित कोर ग्रुप के सदस्यों के साथ। मौजूदा कोर ग्रुप का गठन वर्ष 2023 में किया गया था। नियमानुसार नए अध्यक्ष के कार्यकाल में नया कोर ग्रुप गठित होना चाहिए, जिसके लिए पूरा कवायद की जा रही है। भाजपा की राष्ट्रीय टीम की घोषणा इस माह के अंत तक की जा सकती है, जिसमें मध्यप्रदेश से भी बड़ा प्रतिनिधित्व रहेगा। कहा जा रहा है कि अब मध्यप्रदेश की कोर ग्रुप की टीम तय करते वक्त भाजपा की संभावित राष्ट्रीय टीम को भी ध्यान में रखा जाएगा। यानि कि ऐसे नेता जिन्हें भाजपा की राष्ट्रीय टीम में स्थान दिया जाता है, तो उन्हें मध्यप्रदेश के कोर ग्रुप से दूर रखा जा सकता है। इस पर जल्द ही फैसला लिया जा सकता है। सूची में महिला नेत्रियों सहित कुछ नाम चौकाने वाले भी हो सकते हैं।
दिल्ली भेजी गई सूची में 22 नाम
कोर ग्रुप के लिए जो सूची प्रदेश भाजपा द्वारा केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई है, उसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित 22 नेताओं के नाम बताए जा रहे हैं। इनमें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री वीरेन्द्र खटीक, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा व राजेन्द्र शुक्ला, कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पीडब्ल्यू डी मंत्री राकेश सिंह, पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, सांसद व पूर्व प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल के नाम बताए जा रहे हैं। इनके अलावा भक्ति शर्मा, कविता पाटीदार  के अलावा पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया के नाम बताए जा रहे हैं। शीर्ष नेतृत्व के निर्देश के बाद सूची में कुछ नाम बदले जा सकते हैं। इसमें महिला कोटे से केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, सीधी विधायक रीति पाठक, जीतू जिराती, विधायक अर्चना चिटनिस में से किसी दो नाम सूची में जोड़े जा सकते हैं।

Related Articles