काफिला लेकर आए नेता आज व कल रखेंगे पक्ष, जवाब संतोषजनक नहीं तो कार्रवाई

काफिला

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और वाहन काफिलों पर संयम की अपील की अनदेखी करने वाले भाजपा नेताओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रदेश में बड़े वाहन काफिलों के साथ रैलियां निकालने वाले नेताओं को 17 व 18 मई को भोपाल तलब किया गया है। संगठन और सरकार दोनों स्तर पर उनसे जवाब मांगा जाएगा। दरअसल दिल्ली स्थित भाजपा हाईकमान ने भी पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री की 10 मई की अपील के बाद भी मध्य प्रदेश में 8-9 स्थानों पर बड़े वाहन काफिलों के साथ स्वागत रैलियां निकाली गई। इसे सीधे पीएम की अपील की अवहेलना माना जा रहा है। प्रदेश भाजपा ने तत्काल कदम उठाते हुए संबंधित नेताओं को 17 मई को भोपाल बुलाया है। बैठक में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी, मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल मौजूद रहेंगे। नेताओं से पूछा जाएगा कि पीएम की अपील के बावजूद रैलियां क्यों निकाली गई। जवाब संतोषजनक नहीं होने पर आगे कार्रवाई भी हो सकती है। अभी वाहनों का काफिला लेकर आने वाले नेताओं को मौखिक रूप से तलब किया गया है। जवाब संतोषजनक नहीं होने पर नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इन पर पहले ही हो चुकी है कार्रवाई
सज्जन सिंह यादव (भिड जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष) सौ वाहनों के काफिले के साथ बम्धी पर सवार होकर रैली निकाली। नियुक्ति रद्द कर दी गई। सौभाग्य सिंह ठाकुर मध्य प्रदेश पाठ्?यपुस्तक निगम अध्यक्ष) 700 गाडिय़ों का काफिला लेकर उज्जैन से भोपाल आए। कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। कुछ अधिकार छीन लिए गए।
इन नेताओं की रैलियों पर सवाल उठे, तलब किया
टिकेंद्र प्रताप सिंह (देवास जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष) 200 गाडिय़ों (कुछ वापस लौटीं। के साथ जिला कार्यालय पहुंचे। पवन पाटीदार (ओबीसी मोचां प्रदेश अध्यक्ष) 24 गाडिय़ां लेकर चंबल दौरे पर गए। वीरेंद्र गोयल (सिंगरौली विकास प्राधिकरण अध्यक्ष) 30 से ज्यादा गाडिय़ों का काफिला, खुद ई-रिक्शा में बैठे। रेखा यादव (महिला आयोग की अध्यक्ष। छतरपुर में सैकड़ों लग्जरी गाड़ियों का काफिला निकाला, ट्रैफिक जाम हुआ। सत्येंद्र भूषण सिंह (लघु उद्योग निगम अध्यक्ष) खुद ई-रिक्शा से आए, पर समर्थकों का बड़ा कार-बाइक काफिला साथ चला। राकेश सिंह जादौन (खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड उपाध्यक्ष। ई-रिक्शा से पहुंचे, लेकिन पीछे वाहनों का काफिला चलता रहा।

Related Articles