उज्जैन सिंहस्थ में रण उत्सव की तर्ज पर बनेंगी टेंट सिटी: सीएम

सीएम

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
राज्य के ऐसे पर्यटन स्थलों में टेंट सिटी विकसित की जाएगी, जहां पर पर्यटकों की संख्या ज्यादा रहती है। इसी तरह उज्जैन सिंहस्थ के दौरान भी टेंट सिटी बनाई जाएगी, जो गुजरात के कच्छ के रण उत्सव की तर्ज पर विकसित होगी। सीएम डॉ. यादव सोमवार को गुजरात के कच्छ प्रवास पर थे, जहां कच्छ के प्रसिद्ध रण उत्सव में भाग लिया। सीएम ने रण उत्सव को लेकर सोशल मीडिया में अनुभवों को साझा भी किया। सीएम ने कहा, रण उत्सव की तर्ज पर उज्जैन सिंहस्थ में टेंट सिटी विकसित की जाएगी। मप्र में जहां पर्यटकों की संख्या अधिक है, वहां भी टेंट सिटी पर कार्य किया जाएगा। डॉ. यादव ने कहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रारंभ हुआ रण ऑफ कच्छ का रण उत्सव भारत की सांस्कृतिक पहचान, पर्यटन क्षमता का वैश्विक प्रतीक बन चुका है, जहां कभी बंजर भूमि थी, वहां आज पर्यटन, आजीविका व विकास का मॉडल खड़ा हुआ है, जिसे दुनिया देख रही है। लोक कलाकारों की जीवंत प्रस्तुतियां, गुजरात की समृद्ध संस्कृति, इस उत्सव को विशिष्ट पहचान देती हैं। यह प्रेरक उदाहरण है। उज्जैन में वर्ष-2028 में होने वाले सिंहस्थ में भी ऐसी व्यवस्थाएं की जाएंगी। इससे जहां स्थानीय स्तर पर लोगों को रोजगार मिलेगा और किसान भी लाभान्वित होंगे। सीएम ने लिखा, भुज में स्थित स्मृति वन जो भूकंप पीडि़तों की स्मृतियों को सहेजता है, वह संवेदना और संकल्प का प्रतीक है। भोपाल में भी यूका त्रासदी के पीड़ितों की स्मृति में समर्पित संग्रहालय बनेगा।

Related Articles