
- दो से ढाई गुना बढ़ी पेट्रोल-डीजल की बिक्री
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मध्य प्रदेश में सामान्य रूप से पेट्रोल और डीजल की औसतन बिक्री प्रतिदिन 18,548 किलोलीटर होती है लेकिन पिछले कुछ दिनों में यह बढक़र दो गुना से अधिक बढ़ गई है। अब यह 37 हजार किलोलीटर तक पहुंच गई है। पश्चिम एशिया में चल रहे घटनाक्रम से भविष्य में संकट की आशंका में लोग पेट्रोल-डीजल की अधिक खरीदारी कर रहे हैं। इसके कारण कई जिलों में कुछ पंपों पर लंबी लाइनें और अस्थायी रूप से स्टॉक खत्म होने जैसी स्थिति भी बनी थी। जबकि, कंपनियों के डिपो से डीजल और पेट्रोल की लगातार आपूर्ति की जा रही है। ऐसे में, पंपों पर पेट्रोल एवं डीजल के स्टॉक की कमी की कोई स्थिति नहीं है।
कालाबाजारी रोकने 2,046 स्थानों पर जांच, 2888 सिलेंडर जब्त
वहीं, प्रदेश में आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत एलपीजी सिलिंडर कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। अभी तक 2,046 स्थानों पर जांच की गई और 2,888 एलपीजी सिलिंडर जब्त किए गए। नौ प्रकरणों में एफआईआर भी दर्ज कराई गई। एलपीजी के बाटलिंग प्लांटों में पर्याप्त स्टॉक है। ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करने के लिए सभी प्लांट अतिरिक्त समय तक काम कर रहे हैं।
भोपाल में आदेश जारी
अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन सख्त है। भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने ऐसे मामलों में एफआईआर के निर्देश दिए हैं। पिछले चार दिनों से पेट्रोल पंपों पर भीड़ बढ़ी है। कई शहरों में लोग सुबह से ही लाइन में लग रहे हैं, जबकि सरकार बार-बार स्पष्ट कर चुकी है कि प्रदेश में ईंधन की कोई कमी नहीं है।
अब तक 2046 जगहों पर जांच की गई है और 2888 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए हैं। नौ मामलों में एफआईआर दर्ज हुई है। मंत्री ने अपील की है कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल, डीजल और गैस लें, अनावश्यक भंडारण से बचें।
डर के कारण अधिक भरवा रहे ईंधन
पेट्रोल-डीजल और गैस की आपूर्ति को लेकर भले ही सरकार दावा करे कि उपलब्धता पर्याप्त है, लेकिन लोगों में डर है कि आगे चलकर स्थितियां बिगड़ सकती हैं। इसके कारण पेट्रोल और डीजल की बिक्री बढ़ गई है। जिनके पास एक से अधिक वाहन हैं, वे उन्हें पूरा भरवाकर रख रहे हैं। स्टाक की कमी के कारण कुछ पंपों पर सीमित आपूर्ति की व्यवस्था भी लागू कर दी गई। इंटरनेट मीडिया पर राशनिंग की अफवाहें फैलीं तो मालवांचल के कुछ जिलों में पेट्रोल पंपों पर लाइनें लग गईं। कानून व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए पुलिस लगानी पड़ी।
अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि प्रदेश में पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है। पर्याप्त भंडार है और लगातार आपूर्ति भी हो रही है। अफवाहों पर ध्यान न दें। भारत की सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता के साथ काम कर रही हैं और कच्चे तेल का भंडार भी पर्याप्त है, जिससे आपूर्ति में कोई रुकावट नहीं है। ऑयल कंपनी की ओर से भी दोहराया गया है कि एलपीजी, पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में है। पेट्रोलियम पदार्थों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी कदम उठाए जा रहे हैं।
