रोजगार सहायकों के रिटायरमेंट की उम्र 62 साल होगी

  • भोपाल के जंबूरी मैदान पर आयोजित सम्मेलन में सीएम ने किया ऐलान

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
भोपाल के जंबूरी मैदान पर ग्राम रोजगार सहायकों का सम्मेलन हुआ। इस कार्यक्रम में सीएम डॉ. मोहन यादव ने कई घोषणाएं कीं। सीएम ने कहा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से सरकार हर क्षेत्र में काम कर रही है। हर सेक्टर में काम कर रहे हैं। बिना मांगे आपकी तरफ ध्यान दे रहे हैं। सरकार आपके साथ खड़ी है। आपको जब काम का टारगेट देते हैं तो काम आप करो आपकी चिंता सरकार करेगी। ये आश्वासन आपको दे रहा हूं। आप सबने पारिश्रमिक बढ़ाने की मांग की थी। तो 9 हजार से बढ़ाकर दोगुना 18 हजार किया था। अब पंचायत सचिव के रिक्त पदों के मामले में, आयु सीमा के मामले में, अनुकंपा के मामले में आपके जनप्रतिनिधियों की बैठक कराकर ठोस निर्णय लेने वाले हैं। सीएम ने कहा कि आपसे गांव के विकास की अपेक्षा करते हैं। हमने रोजगार सहायकों की आयु सीमा 62 साल की है। जो बहनें रोजगार सहायक हैं उन्हें प्रसूति अवकाश, मातृत्व अवकाश, ऐच्छिक अवकाश, पुरुष ग्राम रोजगार सहायक को 15 दिनों का पितृत्व अवकाश दिया जाएगा। ऐसे विषयों पर हम काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन का संबोधित करते हुए कहा कि आपके माध्यम से शासन की सभी योजनाओं के क्रियान्वयन की सारी बातें होती हैं। सचमुच, जैसे शरीर के अंदर आत्मा नहीं हो तो शरीर बेकार है, उसी प्रकार पंचायत में रोजगार सहायक नहीं हो तो पंचायत भी बेकार है। गांधी जी के शब्दों में, इस भारत की आत्मा गांव में बसी है। गांव के अंदर बस ग्राम स्वराज और सुराज दोनों का सपना महात्मा गांधी जी ने देखा था। डीबीटी के माध्यम से, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज वह सपना पूरा हो रहा है। इसके ध्वजवाहक आप सभी लोग हैं। आपके माध्यम से ही यह हो रहा है। सीएम ने कहा कि किसी कारण से किसी रोजगार सहायक पर आपराधिक प्रकरण बन जाए और बाद में वो निर्दोष सिद्ध हो जाए तो उसे पुन: सर्विस में लेने की गारंटी हम सरकार के माध्यम से घोषणा करते हैं। जब कोई अपराध नहीं किया तो फिर क्यों बाहर करना?  सबसे पहले आपके हितों के साथ सुरक्षा और सम्मान से गांव के विकास को जोड़कर देखने की दृष्टि हमने शुरू की है। सीएम ने कहा कि आज यहां आ रहे हमारे दो रोजगार सहायक मित्र हुरजी मेडा और लखन कमोदिया की असमय मृत्यु हुई है मैं दोनों साथियों के परिवारों को दस-दस लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा करता हूं। जो घायल हैं उनके इलाज की व्यवस्था सरकार करेगी। गंभीर घायलों को एक लाख और अन्य घायलों को 50 -50 हजार रुपए दिए जाएंगे।
अब 28 मई तक होगी गेहूं खरीदी
सीएम ने कहा कि अगली बार सरकार के माध्यम से बहुत सारे काम कराना है। अभी तो गेहूं खरीदी चल रही है। हमने यह घोषणा की थी कि हम 23 मई तक गेहूं खरीदी करेंगे। पूरे देश में सबसे ज्यादा गेहूं मप्र सरकार के माध्यम से खरीदा गया है। पिछले साल 75 लाख मीट्रिक टन खरीदा था। इस बार सौ लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदेंगे। स्लॉट बुकिंग के आधार पर यदि किसी कारण से कोई किसान गेहूं नहीं बेच पाते तो 28 मई तक गेहूं खरीदा जाएगा। जिन किसानों ने स्लॉट बुक किया है उनका गेहूं खरीदेंगे। उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में मध्य प्रदेश पूरे देश में सर्वाधिक गेहूं खरीदने वाला राज्य बन गया है। अब तक 91 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है। डॉ. मोहन यादव ने स्वीकार किया कि भंडारण, वारदाने, बेमौसम बारिश और परिवहन जैसी चुनौतियां सामने हैं, लेकिन सरकार किसानों की उपज का एक-एक दाना खरीदने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार महिला, युवा, गरीब और किसान समेत सभी वर्गों के कल्याण के लिए समर्पित है और उनकी हर समस्या के समाधान के लिए प्रयास कर रही है।

Related Articles