पटवारी ने कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को मोहन अभिनंदन यादव कहकर किया संबोधित

पटवारी
  • सांसद पर जीतू ने कसा तंज

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। विंध्य क्षेत्र के प्रवास पर पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सतना सांसद गणेश सिंह पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि 25 साल के सांसदकाल में सतना विकास के मामले में शून्य हैं। इस पर सांसद सिंह ने कहा कि जीतू को अपने 18 माह की सरकार का कार्यकाल याद करना चाहिए। दरअसल पटवारी युवा जन संवाद कार्यक्रम में भाग लेने सतना पहुंचे थे, जहां उन्होंने पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर कटाक्ष करते हुए उन्हें मोहन अभिनंदन यादव कहकर संबोधित किया था और उसके बाद सतना सांसद गणेश सिंह के कार्यकाल पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि 25 साल गणेश सिंह सतना संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे है, लेकिन सतना के विकास पर नजर डाले, तो समझ में आता है कि यहां क्षेत्र का नहीं भाजपा के लोगों ने अपना खुद का विकास किया हैं। उन्होंने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली की तुलना अलीबाबा चालीस चोर से कहते हुए कहा कि मध्यप्रदेश पूरी तरह से भ्रष्टाचार के आकंठ में डूबा हुआ हैं। पटवारी ने कहा कि यदि प्रदेश से भ्रष्टाचार के इस करेप्सन वाले कैंसर को खत्म करना है, तो हमें सांसद, विधायक निगम और पार्षद सबका सूपड़ा साफ करना होगा।
पटवारी को प्रदेश का विकास दिखाई नहीं दे रहा
पटवारी के बयान के बाद सतना सांसद गणेश सिंह ने बुधवार को पलटवार किया। उन्होंने कहा कि पटवारी का बयान पूरी तरह से अमर्यादित है, जिन्होंने संवैधानिक पद पर बैठे सूबे के मुख्यमंत्री का नाम लेकर घटिया तरीके से अपनी बात रखी। पटवारी को प्रदेश का विकास दिखाई नहीं दे रहा है। वे जहां भी जा रहे हैं, सिर्फ मुख्यमंत्री, मंत्रियों और भाजपा के जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। सिंह ने कहा कि पीसीसी चीफ को दूसरों पर उंगुली उठाने से पहले खुद का हिसाब देना चाहिए। उनके अपने विधायक सिर्फ गेट और बोर्ड लगाकर फोटो खिंचवाने में व्यस्त हैं। भाजपा सांसद ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष को यह नहीं भूलना चाहिए कि 2003 से पहले कांग्रेस के शासनकाल में मध्यप्रदेश बीमारू राज्य की श्रेणी में खड़ा था।

Related Articles