
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
आगामी शैक्षणिक सत्र से हाई और हायर सेकंडरी की परीक्षा व संबद्धता शुल्क में माशिमं ने बढ़ोतरी कर दी है। अब नियमित विद्यार्थियों को 1500 और स्वाध्यायी को 1600 रुपए जमा करवाना होंगे। माशिमं ने नामांकन शुल्क भी बढ़ाकर 500 रुपए करने का फैसला किया है। माशिमं ने पत्र जारी करते हुए अगले सत्र 2026 27 से बढ़ी हुई फीस जमा करने के आदेश दिए हैं। मंडल के आदेश देख निजी स्कूलों के साथ सरकारी स्कूलों के प्राचार्यों में हडक़ंप की स्थिति बन गई है। हाईस्कूल और हायर सेकंडरी की संबद्धता लेने के लिए सरकारी और निजी स्कूलों की फीस अलग-अलग तय की गई है। डीएलएड की परीक्षा शुल्क भी बढ़ा दी गई है। नियमित विद्यार्थी को सारे विषयों के लिए सात हजार रुपए देना होंगे जबकि दूसरे अवसर के लिए दो विषय तक तीन हजार, चार तक के पांच और चार से अधिक विषय के लिए सात हजार रुपए शुल्क होगा। वहीं डीएलएड के लिए पहली बार संबद्धता लेने का शुल्क दो लाख रुपए तय किया है।
नामांकन में 500 रुपये तक की बढ़ोतरी
माशिमं ने परीक्षा से लेकर डुप्लीकेट अंकसूची तक की फीस में भारी बढ़ोतरी की है। माशिमं द्वारा नवमीं का नामांकन शुल्क, स्कूलों की संबद्धता, डुप्लीकेट अंकसूची समेत तमाम मदों में छात्रों से शुल्क वसूला जाता है। माशिमं ने नामांकन शुल्क भी 350 से बढ़ाकर 500 रुपए कर दिया है।
