अब स्मार्ट मीटर से मिलेगा नया बिजली कनेक्शन

  • आवेदन से मीटर लगाने तक सब ऑनलाइन; 3 दिन में कनेक्शन

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। शहर में नया बिजली कनेक्शन लेने वालों के लिए प्रक्रिया अब पहले से ज्यादा तेज और आसान होने जा रही है। स्मार्ट मीटर आधारित नए कनेक्शन में आवेदन से लेकर मीटर लगाने और कनेक्शन जारी करने तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। बिजली कंपनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद तीन दिन के भीतर नया कनेक्शन जारी किया जाए। नए कनेक्शन के लिए उपभोक्ता को सेवा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन मिलते ही पोर्टल यह जांच करेगा कि संबंधित क्षेत्र स्मार्ट मीटर आधारित नए कनेक्शन के लिए सक्रिय है या नहीं। क्षेत्र सक्रिय होने पर आवेदन संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय या संभाग को भेज दिया जाएगा। इसके बाद दस्तावेजों की जांच, बकाया राशि का सत्यापन, स्थल निरीक्षण और अन्य जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।
10 किलोवाट तक संभाग, इससे ज्यादा पर अलग व्यवस्था
नई व्यवस्था में कनेक्शन के भार के आधार पर जिम्मेदारी तय की गई है। 10 किलोवाट तक के कनेक्शन के लिए क्षेत्रीय कार्यालय स्तर पर प्रक्रिया होगी। वहीं 10 किलोवाट से अधिक: के लिए संभाग स्तर पर और 40 किलोवाट से अधिक के लिए विशेष मीटर को चालू करने की प्रक्रिया संबंधित तकनीकी इकाई करेगी। जांच और मंजूरी के बाद अधिकारी उपलब्ध मीटरों में से उपभोक्ता की जरूरत के अनुसार स्मार्ट मीटर आवंटित करेगा। इसके बाद अधिकृत कर्मचारी को मीटर लगाने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
मीटर लगते ही सिस्टम में दर्ज होगी जानकारी
अधिकृत कर्मचारी मौके पर स्मार्ट मीटर लगाएगा और इसकी जानकारी मोबाइल प्रणाली में दर्ज करेगा। मीटर लगाने के बाद पूरी जानकारी ऑनलाइन बिजली कंपनी के सेवा पोर्टल पर पहुंच जाएगी। इसके बाद कनेक्शन जारी करने वाली प्रणाली को सूचना भेजी जाएगी और कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी। यानी उपभोक्ता को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी और पूरी प्रक्रिया का डिजिटल ट्रैक भी तैयार होगा।
पहले से उपलब्ध रहेंगे स्मार्ट मीटर
नई व्यवस्था में सिर्फ आवेदन प्रक्रिया को डिजिटल नहीं किया जा रहा, बल्कि मीटर की उपलब्धता को लेकर भी पहले से तैयारी की जाएगी। स्मार्ट मीटर उपलब्ध कराने वाली एजेंसी को आगामी महीने में नए कनेक्शनों की अनुमानित जरूरत के हिसाब से मीटर पहले ही उपलब्ध कराने होंगे। इससे आवेदन मंजूर होने के बाद मीटर उपलब्ध कराने में लगने वाला अतिरिक्त समय कम किया जा सकेगा।
भोपाल में नए कनेक्शन संभाग को मिलेगी अहम जिम्मेदारी
भोपाल शहर में फिलहाल 10 किलोवाट तक के नए बिजली कनेक्शन के आवेदन नए कनेक्शन संभाग को भेजे जाते हैं। ऐसे में स्मार्ट मीटर आधारित कनेक्शन व्यवस्था में भी आवेदन की शुरुआती जांच, जरूरी सत्यापन और मीटर आवंटन जैसे काम इसी संभाग के स्तर पर किए जा सकेंगे। स्मार्ट मीटर आधारित नई व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि आवेदन से कनेक्शन तक की प्रक्रिया एक डिजिटल सिस्टम से जुड़ जाएगी। मीटर की उपलब्धता पहले सुनिश्चित होने और अधिकारियों के लिए तीन दिन की समयसीमा तय होने से नए कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है। अब असली चुनौती यह होगी कि ऑनलाइन प्रक्रिया के बावजूद दस्तावेज सत्यापन, स्थल निरीक्षण और मीटर स्थापना में देरी न हो।

Related Articles