- राहुल के कार्यक्रम को लेकर चौधरी चौधरी बोले…

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा है कि छात्रों की गूंज कोई कार्यक्रम नहीं, बल्कि छात्रों के सवालों को उठाने वाला आंदोलन है। कांग्रेस देशभर में छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठा रही है। जिस तरह छात्रों के आंदोलनों आंदोलनों को दबाने की कोशिश की गई, वह गंभीर चिंता का विषय है। चौधरी ने कहा कि देश के छात्रों के सवालों को उठाने के लिए छात्रों की गूंज का मंच तैयार किया गया है। कोटा, देहरादून, प्रयागराज, पुणे के बाद अब इंदौर में यह आवाज उठ रही है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के भी दो विद्यार्थियों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। दिल्ली विश्वविद्यालय में देवास के जिस छात्र की मृत्यु हुई, उसकी मां आज भी न्याय की मांग कर रही है। देवास की वह मां सरकार से जवाब मांग रही है। चौधरी के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार संयुक्त रूप से इंदौर में होने वाले कार्यक्रम को लेकर मीडिया से बात कर रहे थे।
छात्रों की गूंज में युवाओं की आवाज सामने आएगी- पटवारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि मोहन भागवत के उज्जैन आगमन से उम्मीद थी कि मध्य प्रदेश के युवाओं के ज्वलंत सवालों पर बात होगी और भाजपा सरकार को कोई दिशा मिलेगी, लेकिन प्रदेश के लाखों युवाओं के सवाल आज भी अनुत्तरित हैं। उन्होंने कहा कि जब पढ़े-लिखे युवाओं को अपने ही प्रदेश में अवसर नहीं मिलता, तो उन्हें दूसरे शहरों और राज्यों की ओर पलायन करना पड़ता है। आज मध्य प्रदेश का युवा प्रवचन नहीं, शिक्षा, रोजगार, भर्ती और अपने भविष्य पर स्पष्ट जवाब चाहता है। उन्होंने युवाओं से जुड़े सवालों को सामने रखते हुए कहा कि 19 सितंबर को इंदौर में होने वाली छात्रों की गूंज में छात्रों और युवाओं की वास्तविक आवाज सामने आएगी। पटवारी ने कहा कि परीक्षा, परिणाम, चयन और नियुक्ति में होने वाली देरी युवाओं के जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष छीन रही है। सरकार को समयबद्ध भर्ती कैलेंडर लागू करना चाहिए और कौशल विकास के बाद युवाओं के लिए स्थायी रोजगार का रास्ता सुनिश्चित करना चाहिए।
