- 4300 करोड़ से बिछेगी चौथी रेल लाइन

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
बीना-भोपाल-इटारसी के बीच बहुत जल्द ट्रेनें 220 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से दौड़ेंगी। केंद्रीय रेल मंत्रालय ने इस प्रोजेक्ट के लिए 4300 करोड़ रुपए का बजट अलॉट किया है। गत दिनों हुई केंद्रीय मंत्री परिषद की बैठक में इस प्रोजेक्ट पर चर्चा हुई और जल्द काम शुरू करने का निर्णय लिया गया। करीब एक साल पहले फाइनल लोकेशन सर्वे का काम पूरा हो गया। सर्वे के आधार पर भोपाल रेल मंडल द्वारा प्रस्ताव बनाकर भेजा गया था, जिसे मंजूर कर लिया गया है। रेलवे के अधिकारियों की मानें तो बीना से इटारसी के बीच चौथी रेल लाइन बिछाने के बाद सुपरफास्ट और एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें 160 से 220 किलोमीटर की रफ्तार से दौड़ेंगी। इतना ही नहीं ट्रैफिक का लोड भी कम होगा और ट्रैफिक क्लियर मिलने के कारण अभी जो गाडिय़ां आउटर पर खड़ी करनी पड़ती हैं उन्हें भी खड़ा नहीं करना पड़ेगा जिसके कारण समय की काफी बचत होगी। बीना से इटारसी के बीच की दूरी 231 किमी. है जिसे पूरा करने में अधिकतर ट्रेनों को 4 से साढ़े 4 घंटे का समय लगता है। लेकिन चौथी रेल लाइन बिछने से ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी और बीना से इटारसी का सफर दो से ढ़ाई घंटे में पूरा हो जाएगा।
मालगाडिय़ों के लिए रिजर्व हो सकती है लाइन
बीना से इटारसी के बीच डाली जाने वाली चौथी रेल लाइन से रेलवे को यातायात क्लियर करने में मदद मिलेगी। अभी तीन लाइनों द्वारा रेलवे यातायात का संचालन किया जा रहा है। चौथी रेल लाइन शुरू होने के बाद यहां से मालगाडिय़ों का गुजरना आसान हो जाएगा। बताया जा रहा है कि गुड्स के आवागमन के लिए चार में से किसी एक रेल लाइन को मालगाडिय़ों के लिर रिजर्व किया जा सकता है। हालांकि अधिकारियों ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है, लेकिन उनका कहना है कि चौथी रेल बिछाने के पीछे हमारा उद्देश्य मालभाड़े का विस्तार करना है।
चार सेक्शन में बांटा जाएगा काम
रेलवे अधिकारियों के अनुसार जल्द ही इस काम के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे। इसके बाद काम शुरू होगा। बीना से इटारसी के बीच की 231 किलोमीटर की दूरी को चार सेक्शन में बांटकर काम किया जाएगा। इसमें पहला सेक्शन बीना से सुमेर, दूसरा सेक्शन सुमेर से रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, तीसरा सेक्शन आरकेएमपी से बरखेड़ा और चौथा सेक्शन बरखेड़ा से इटारसी तक होगा। चारों सेक्शन में काम एक साथ शुरू होने की संभावना है। जानकारी अनुसार वर्ष 2028 तक यह प्रोजेक्ट पूरा हो जाएगा।
चलेंगी हाई स्पीड ट्रेन, बढ़ेगी संख्या
बीना से इटारसी तक चौथी रेल लाइन बिछने के बाद इस रूट पर यात्री ट्रेनों की संख्या बढ़ जाएगी। वर्तमान में वंदे भारत जैसी सुपर फास्ट ट्रेन अभी चल रही है। रेलवे की योजना है कि इस रूट में और भी अधिक हाई स्पीड ट्रेनों को चलाया जाए। चौथी रेल लाइन शुरू होने के बाद यहां से अमृत भारत ट्रेन, और वंदे भारत ट्रेनों की संख्या भी बढऩे की उम्मीद है। नई लाइन बिछने के बाद करीब 25 जोड़ी यात्री ट्रेनों और 200 मालगाडिय़ों का आवागमन बढ़ जाएगा। ट्रेनों की स्पीड भी 160 किमी प्रतिघंटा तक हो जाएगी। बेहतर कनेक्टिविटी से व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
होली पर 4 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी
रेल प्रशासन द्वारा होली के अवसर पर स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। ये ट्रेनें 28 फरवरी से रवाना होगी और 5 मार्च तक वापस लौटेगी। होली में अतिरिक्त यात्री ट्रैफिक को क्लियर करने के लिए भोपाल रेल मंडल से 4 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। रेल यात्री किसी भी कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्र या ऑनलाइन आईआरसीटीसी की वेबसाइट से इन होली स्पेशल ट्रेनों के आरक्षण सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। होली के मौके पर रेलवे भोपाल से रीवा, दानापुर समेत कई जिलों में आने-जाने के लिए 4 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। ये ट्रेनें 28 फरवरी से रवाना होगी और 5 मार्च तक वापस लौटेगी। रेल यात्री किसी भी कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्र या ऑनलाइन आईआरसीटीसी की वेबसाइट से इन होली स्पेशल ट्रेनों के आरक्षण सुविधा का लाभ उठा सकते है।
यह ट्रेनें चलेंगी: 1. गाड़ी संख्या 02192/02191 रीवा-रानी कमलापति-रीवा सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन (1-1 ट्रिप) चलेगी। गाड़ी 02192 रीवा से रानी कमलापति स्पेशल ट्रेन 28 फरवरी को रीवा से दोपहर 12.30 बजे प्रस्थान कर उसी दिन रात में 9.15 बजे रानी कमलापति स्टेशन पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी 02191 रानी कमलापति से रीवा स्पेशल ट्रेन 28 फरवरी को रानी कमलापति स्टेशन से रात 10.15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 7:30 बजे रीवा स्टेशन पहुंचेगी। 2. गाड़ी संख्या 02186 रीवा से रानी कमलापति स्पेशल ट्रेन 2 एवं 3 मार्च को रीवा से दोपहर 12.30 बजे प्रस्थान कर उसी दिन रात में 9.15 बजे रानी कमलापति स्टेशन पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी 02185 रानी कमलापति से रीवा स्पेशल ट्रेन 2-3 मार्च को रानी कमलापति स्टेशन से रात 10.15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 7.30 बजे रीवा स्टेशन पहुंचेगी।
