भोपाल में कमिश्नर-कलेक्ट्रेट की नई बिल्डिंग बनेगी

  • संभागायुक्त ने कहा- शिफ्टिंग के लिए टाइम लिमिट तय करें विभाग

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
भोपाल में कमिश्नर और कलेक्ट्रेट की नई बिल्डिंग बनेगी। आईजी पुलिस, नजूल अधिकारी बैरागढ़ और भोपाल शहर के लिए भी नए भवन बनेंगे। इसे लेकर बुधवार को संभागायुक्त संजीव सिंह ने बैठक की। कहा कि शिफ्टिंग के लिए विभाग टाइम लिमिट तय करें। 15 विभागों को अपने दफ्तर खाली करने होंगे। कमिश्नर सिंह ने बैठक में पुनर्घनत्वीकरण योजना के अंतर्गत आयुक्त एवं कलेक्टर कार्यालय भवन निर्माण की रूपरेखा तय करते हुए संबंधित विभागों के लिए स्पष्ट टाइम लिमिट तय की। निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने अमले की गणना कर आवश्यक स्थान का निर्धारण शीघ्र करें। इसके लिए एक जिम्मेदार अधिकारी की नियुक्ति हो, जो निर्माण एजेंसी के साथ को-ऑर्डिनेट कर सकें। इनके लिए प्रस्तावित है नए भवन कमिश्नर सिंह ने बताया, योजना के तहत कलेक्टर कार्यालय भवन के सामने स्थित शासकीय कार्यालयों के स्थान पर नवीन आयुक्त कार्यालय, कलेक्टर कार्यालय भोपाल, आईजी पुलिस कार्यालय, नजूल अधिकारी बैरागढ़ और भोपाल शहर के अन्य कार्यालय भवनों का निर्माण प्रस्तावित है। प्रथम चरण में 15 विभाग को अपने वर्तमान स्थान खाली करने होंगे। ताकि निर्माण कार्य समयबद्ध रूप से प्रारंभ किया जा सके।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने मुख्यालय स्तर पर शिफ्टिंग की जानकारी उपलब्ध कराएं। इससे शिफ्टिंग की प्रक्रिया तेजी से की जा सके। कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि किसी भी नए कार्यालय को शामिल नहीं किया जाएगा और न ही कोई वर्तमान कार्यालय योजना से बाहर रहेगा। कलेक्टर कार्यालय से प्रभावित विभागों की सूची तैयार कर कलेक्टर से समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
ये भी रहे मौजूद
बैठक में हाउसिंग बोर्ड के कमिश्नर चंद्रमौली शुक्ला, संयुक्त आयुक्त डॉ. विनोद यादव, उपायुक्त राजस्व किरण गुप्ता, एडीएम पीसी शाक्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान अधिकारियों से उनके कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों की संख्या और आवश्यक स्पेस की जानकारी ली गई। एक-एक कर सभी विभागों ने अपनी जरूरतों से संभागायुक्त को अवगत कराया।

Related Articles