- एमआईसी की बैठक में प्रस्तावों को मिली मंजूरी
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। राजधानी भोपाल में चल रहे विकास कार्यों के लिए नगर निगम 200 करोड़ रूपए का ग्रीन बॉन्ड जारी करेंगा। इसके लिए महापौर मालती राय की अध्यक्षता में हुई एमआईसी की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। जानकारी के अनुसार राजधानी में सीवेज, पानी सप्लाई और तालाबों के संरक्षण के लिए अमृत-2 के तहत 1700 करोड़ रुपए के कार्यों के लिए निगम ग्रीन बॉण्ड के जरिए 200 करोड़ रूपए की राशि जुटाएगा। इस बॉण्ड पर केंद्र सरकार 20 करोड़ रुपए प्रोत्साहन राशि (इंसेंटिव) के रूप में देगी। नगर निगम को अमृत-2 पर लगभग 495 करोड़ रुपए चुकाना है।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने प्रोजेक्ट अमृत-2 के लिए राशि जुटाने के लिए सभी नगर निगमों को ग्रीन बॉण्ड जारी करने को कहा था। इसमें शर्त होती है कि इसके जरिए जुटाई जाने वाली राशि पर्यावरण और ऊर्जा संरक्षण जैसे प्रोजेक्ट पर ही खर्च होगी। यानी सीवरेज प्रोजेक्ट में सीवेज वॉटर की री-साइकलिंग सुनिश्चित करनी होगी और वॉटर सप्लाई में वॉटर मैनेजमेंट और वॉटर रीसाइकलिंग के प्रोजेक्ट पर काम होगा। निगम परिषद की अगली बैठक में यह प्रस्ताव रखा जाएगा। साल 2018 में निगम ने अमृत-1 के लिए 175 करोड़ रुपए बॉण्ड से जुटाए थे। निगम को यह राशि 9.22 प्रतिशत ब्याज दर पर मिली थी। इसके एवज में निगम को हर महीने 3.5 करोड़ रुपए चुकाने पड़ रहे हैं। 2018 के बॉण्ड के एवज में निगम को 2028 तक ब्याज देना है। कई बार इस राशि को चुकाने को लेकर नगर निगम के कर्मचारी नाराजगी जता चुके हैं। उनका तर्क है कि हमें वेतन की बजाय निगम पहले बॉण्ड की राशि जमा कराता है। इस बार भी निगम को लगभग 9 प्रतिशत की ब्याज दर पर ही यह राशि मिलने की उम्मीद है।
अब 130 रुपए में विवाह पंजीयन होगा
एमआईसी ने 60 दिन के भीतर विवाह पंजीयन कराने के लिए शुल्क 1000 रुपए से घटाकर 130 रुपए कर दिया है। 60 दिन के बाद पहले की तरह 1000 रुपए ही चुकाने होंगे। हाल ही में नगरनिगम ने इस व्यवस्था को ऑनलाइन किया है। इसके अलावा स्मार्ट सिटी टीटी नगर के प्लॉट नंबर 47 और 49 पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रस्तावित मकान अधर में हैं। नगर निगम ने इसके लिए जो टेंडर बुलाए थे, उनको निरस्त करने का प्रस्ताव एमआईसी में आया था, लेकिन इस पर कोई निर्णय नहीं हुआ।
03/01/2026
0
42
Less than a minute
You can share this post!
