
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मप्र लोक सेवा आयोग (एमपी पीएससी) ने 567 कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती के विज्ञापन जारी किए हैं। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा भेजी गई डिमांड के तहत विज्ञापन जारी किए गए हैं। उम्मीदवार एक माह तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी, जिसे एमपी पीएससी के आधिकारिक पोर्टल से पूरा कर पाएंगे। परीक्षा करवाने के लिए एमपी पीएससी पूर्व में अधिसूचना जारी कर चुका है। एमपी पीएससी असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए उम्मीदवारों का यूजीसी, सीएसआईआर, आईसीएआर कि द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) अथवा राज्य पात्रता परीक्षा (सेट), राज्य स्तरीय पात्रता परीक्षा (स्लेट) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। हालांकि, यूजीसी के नियमों के तहत पीएचडी डिग्री धारक उम्मीदवारों को नेट, सेट की अनिवार्यता से छूट प्रदान की गई है। अभ्यर्थियों की सभी शैक्षणिक योग्यताएं भारत या विदेश के किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय और संस्थान से प्राप्त होनी चाहिए। आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष व अधिकतम आयु 40 वर्ष रखी गई है। मप्र के अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और महिला उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट दी है, जिसके अनुसार इनके लिए ऊपरी आयु सीमा 45 वर्ष होगी।
दो चरणों में होगी भर्ती परीक्षा
भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में होगी। पहले में ऑफलाइन ओएमआर आधारित लिखित परीक्षा होगी, जिसमें वस्तुनिष्ठ बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें गलत उत्तर देने पर नकारात्मक अंकन भी लागू रहेगा। लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण उम्मीदवारों को दूसरे चरण में साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। अंत में लिखित परीक्षा और इंटरव्यू में प्राप्त अंकों को मिलाकर अंतिम मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी, जिसके आधार पर चयन किया जाएगा।
तीन विभागों के 32 इंजीनियर भर्ती के आवेदन 20 से
एमपी पीएससी ने जल संसाधन विभाग, किसान कल्याण व कृषि विकास विभाग और स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में 32 इंजीनियर भर्ती करने के लिए राज्य अभियांत्रिकी सेवा परीक्षा 2025 के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। उम्मीदवार 20 जनवरी से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। उम्मीदवारों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 19 फरवरी रखी गई है। परीक्षा 22 मार्च को आयोजित की जाएगी जो भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर के परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी।
