
- अक्टूबर से मुख्यमंत्री करेंगे यात्रा, 5900 किमी भरेगा नॉनस्टॉप उड़ान
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और मंत्री जल्द ही नए विमान में सवारी करते दिखाई देंगे। राज्य सरकार द्वारा खरीदा जा रहा नया चैलेंजर 3500 जेट विमान। इसके मध्य प्रदेश आने की तारीख तय हो गई है। 15 सितंबर को नया चैलेंजर 3500 जेट विमान भोपाल के स्टेट हैंगर पहुंच जाएगा। अभी मध्य प्रदेश सरकार के पास अपना कोई विमान नहीं है और इस वजह से हवाई सफर के लिए अभी सरकारी हैलीकॉप्टर या फिर लंबी उड़ान के लिए किराए के विमान की सुविधा लेनी पड़ती है। नए विमान के लिए भोपाल के स्टेट हैंगर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
सफेद रंग का होगा नया जेट: नया चैलेंजर 3500 जेट विमान की निर्माण कंपनी बॉम्बार्डियर है। इस कंपनी से विमान खरीदने की तमाम प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। कंपनी ने राज्य सरकार को विमान की डिलेवरी की तैयारी होने की जानकारी दे दी है। साथ ही कहा है कि राज्य सरकार के नुमाइंदों की मौजूदगी में इसकी तमाम तकनीकि जांच और ट्राइल की प्रक्रिया पूरी करा ली जाए। 325 करोड़ की लागत वाले इस विमान को तमाम अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है, ताकि लंबी यात्रा के दौरान इसमें यात्रा असहज न हो सके।
ट्रेनिंग के बाद विमान लेकर लौटेंगे पायलट: विमानन विभाग के आयुक्त चंद्रमौली शुक्ला के मुताबिक विमान के लिए मध्य प्रदेश के दो पायलटों को 45 दिन की ट्रेनिंग के लिए अमेरिका भेजा गया है। पायलट विश्वास राय और अरविंद मेहरा अमेरिका में ट्रेनिंग के बाद कनाडा जाएंगे और वहां से विमान लेकर मध्य प्रदेश लौटेंगे। मध्य प्रदेश में विमान आने के बाद सरकार की सिर्फ हेलीकॉप्टर पर निर्भरता कम हो जाएगी। उम्मीद जताई जा रही है कि अक्टूबर से यह विमान मुख्यमंत्री के लिए उपलब्ध हो जाएगा। यह विमान 1 हजार किलोमीटर की रफ्तार से उड़ान भरने में सक्षम होता है और एक बार में बिना रूके करीबन 5900 किलोमीटर तक उड़ान भरने में सक्षम होता है।
नए विमान के बाद रूकेगा हवाई खर्चा
उम्मीद जताई जा रही है कि नए विमान के बाद प्रदेश में उड़ानों पर हो रही खर्चों पर लगाम लगेगी। विधानसभा में पेश किए गए आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में जनवरी 2021 से नवंबर 2025 के बीच विमान किराए पर 290 करोड़ रुपए की राशि खर्च हुई है। उधर, कांग्रेस प्रदेश में खरीदे जा रहे विमान को सरकार की फिजूलखर्ची बता रही है। उधर, भाजपा प्रवक्ता अजय यादव के मुताबिक प्रदेश सरकार द्वारा जो भी निर्णय लिए जाते हैं वह प्रदेश के आर्थिक संसाधन के अनुरूप लिए जाते हैं। जहां तक विमान का सवाल है, संसाधनों की उपलब्धता से सरकार तीव्र गति से काम करती है और इसके उपयोग से योजनाओं का लाभ जनता को और तीव्र गति से मिलता है।
इस विमान में कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी
– इस विमान में जीरो ग्रेविटी सीटें और वॉयस कंट्रोल सिस्टम उपलब्ध होगा।
– विमान में दो क्लब सुइट्स में 8 यात्री बैठ सकेंगे।
– विमान में एक क्लब सुइट्स, लाउंज सुइ्ट्स और तीन सीटों वाला सोफा भी होगा।
– विमान में आगे की तरफ एक छोटा किचन और पीछे एक वॉशरूप की व्यवस्था होगी।
– विमान के केबिन में साउंड प्रूफ की सुविधा होगी, ताकि विमान की तेज आवाज यहां न पहुंचे।
– यह विमान खराब मौसम में भी सुरक्षित लैंडिंग तरीके से लैंड करने में सक्षम होता है।
– यह विमान हनीवेल एचटीएफ 7350 टर्बेफैन द्वारा संचालित होता है, जो 7323 पाउंड का थ्रस्ट और मैक 0.83 की अधिकतम गति से उडऩे में मदद करता है।
