मध्यप्रदेश कांग्रेस मुकेश मल्होत्रा मामले में सुप्रीम कोर्ट जाएगी: जीतू पटवारी

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
मप्र की विजयपुर विधानसभा से विधायक मुकेश मल्होत्रा का निर्वाचन शून्य घोषित किए जाने और निकटतम प्रत्याशी रामनिवास रावत को विधायक घोषित किए जाने के संबंध में मप्र उच्च न्यायालय की ग्वालियर खंडपीठ के फैसले के विरोध में कांग्रेस उच्चतम न्यायालय जाएगी। यह बात कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंगलवार को राजधानी में अपने निवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। भाजपा पर खरीद फरोख्त जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए पटवारी ने कहा कि मुकेश मल्होत्रा के चुनाव शून्य किए जाने के फैसले के खिलाफ कांग्रेस सर्वोच्च न्यायालय जाएगी। इस मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा सर्वोच्च न्यायालय में कांग्रेस की ओर से पैरवी करेंगे। पटवारी ने कहा कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और मुकेश मल्होत्रा फिर से जनता के समर्थन से चुनकर आएंगे। पटवारी ने कहा कि वे न्यायालय का सम्मान करते हैं, लेकिन जिस न्यायाधीश ने यह फैसला दिया है, वह उचित नहीं है।
मिश्रा और सप्रे मामले में देरी क्यूं ?: सिंघार
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने अपने निवास पर अलग से पत्रकार वार्ता आयोजित कर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि क्या भाजपा दबाव की राजनीति कर माहौल बनाना चाहती है? क्या यह आने वाले चुनावों और संख्या बल की राजनीति से जुड़ा प्रयास है? भाजपा चुनाव से डरती है, चुनाव से भागती है और जनता के बीच जाकर सामना नहीं करना चाहती। उन्होंने कहा कि नरोत्तम मिश्रा के पेड न्यूज मामले में वर्षों से फैसला लंबित है।

Related Articles