काफिला लेकर रैलियां निकालने वाले नेता आज रखेंगे पक्ष

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और वाहन काफिलों पर संयम की अपील की अनदेखी करने वाले भाजपा नेता सोमवार को सरकार और संगठन के सामने अपना पक्ष रखेंगे। प्रदेश में बड़े वाहन काफिलों के साथ रैलियां निकालने वाले नेताओं को 17 मई को भोपाल तलब किया गया था, लेकिन मंत्रियों के साथ वन-टू-वन चर्चा के चलते अब इन्हें सोमवार को बुलाया गया है। पूछताछ के बाद इनकी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी। दरअसल, भाजपा हाईकमान ने प्रदेश संगठन से पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री की 10 मई की अपील के बाद भी मप्र में 8-9 स्थानों पर बड़े वाहन काफिलों के साथ स्वागत रैलियां निकाली गईं। इसे सीधे पीएम की अपील की अवहेलना माना जा रहा है। प्रदेश भाजपा ने तत्काल कदम उठाते हुए संबंधित नेताओं को भोपाल बुलाया है। बैठक में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल मौजूद रहेंगे। नेताओं से पूछा जाएगा कि पीएम की अपील के बावजूद रैलियां क्यों निकाली गई?

Related Articles