फर्जी पेमेंट स्क्रीनशॉट दिखाकर भोपाल में ज्वेलर को लगाया चूना

फर्जी पेमेंट स्क्रीनशॉट
  • सोने के जेवर ठगने वाली मां-बेटी गिरफ्तार

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। बैरागढ़ इलाके में ज्वैलर्स के यहां जालसाज मां-बेटी ने धोखाधड़ी की थी। पुलिस ने 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले और उनके घर तक पहुंच गई। फर्जी ऐप के माध्यम से उन्होंने क्यूआर कोड स्कैन कर पेमेंट किया था, जिसमें स्क्रीन शॉट भी पेमेंट वाला दिखाई देता है, लेकिन हकीकत में पैसा ट्रांसफर नहीं होता है। पुलिस ने आरोपियों ने 52 हजार रुपए कीमती जेवर बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके मोबाइल जब्त किए हैं। जोकि जांच के लिए भेजे जाएंगे। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बैरागढ़ थाना प्रभारी अशोक गौतम ने बताया कि 31 मई 2026 को ठगी के संबंध में गुलाब सिंह मेवाड़ा पिता खुशीलाल निवासी बेहटा गांव थाना बैरागढ़ ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया था कि मैं पंकज च्वेलर्स के नाम से स्वयं की दुकान चलाता हूं। दिनांक 25 मई की शाम करीब 5.22 बजे मेरी दुकान पर दो अज्ञात महिलाएं मुंह पर कपड़ा बांधे हुए च्वैलरी खरीदने के लिए आई थीं। उन्होंने एक अंगूठी, दो बाली खरीदी। मेरे यूपीआई स्कैनर पर फर्जी ट्रांजेक्शन सक्सेजफुल का मैसेज दिखाया। जब तक वह अपना पेमेंट चेक करते तब तक दोनों अज्ञात महिलाएं वहां से अपनी स्कूटी पर बैठकर चली गई थीं। फरियादी द्वारा उनका पीछा किया गया किन्तु गलियों में कहीं चली गई। उस वक्त मां मोपेड चला रही थी और बेटी ने फर्जी पेमेंट दिखाया था।
रास्ते में पहना था बुर्का
थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने दो अलग-अलग टीम गठित की। घटनास्थल से लेकर महिलाओं को भागने का रूट मैप तैयार किया। संतजी की कुटिया के पास महिलाओं ने बुर्का पहना था। करीब 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद आरोपियों की पहचान हुई। पुलिस ने मां-बेटी को बीडीए कॉलोनी कोहेफिजा से गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान समीरा अजहर (40) पति अजहर सईद और अलीजा अजहर (19) पिता अजहर सईद निवासी बीडीए कॉलोनी कोहेफिजा के रूप में हुई। समीरा मां है और अलीजा उसकी बेटी है। पुलिस ने आरोपी मां-बेटी से ठगे गए जेवर, अपराध में उपयोग एक्सेस मोपेड और दोनों के मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
ऑनलाइन होटल को रेटिंग देने के नाम पर 2.54 लाख की ठगी
टेलीग्राम पर वर्क फ्रॉम होम नौकरी का झांसा देकर युवती से 2.54 लाख की ठगी करने वाले जालसाज को बैरागढ़ पुलिस ने अहमदाबाद, गुजरात से गिरफ्तार किया है। ठग ने ऑनलाइन होटल को रेटिंग देने का नाम पर ठगी की थी। 3 अगस्त 2025 को ठगी के संबंध में कृतिका मीणा पिता लाखन सिंह मीणा निवासी कुम्हार मोहल्ला ने शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि अज्ञात आरोपियों द्वारा टेलीग्राम के माध्यम से वर्क फ्रॉम होम नौकरी का झांसा दिया गया, जिसमें ऑनलाइन होटल को रेटिंग देने के नाम पर उनके मोबाइल में लिंक भेजी और 2.54 लाख रुपए निकाल लिए थे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। पूर्व में पुलिस ने एक आरोपी अल्फेज संधी को अहमदाबाद गुजरात से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथी सरहान संधी का नाम बताया था, जिसने टेलीग्राम के माध्यम से लिंक बनाकर एपीके फाइल मोबाइल में डालकर यूपीआई के माध्यम से राशि अपने खाते में ट्रांसफर की थी। पुलिस आरोपी सरहान संथी की तलाश में जुटी थी। तकनीकी मदद से पुलिस की एक टीम ने आरोपी सरहान संधी (23) पिता शोहेल संधी निवासी अहमदाबाद गुजरात को मंगलवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उससे घटना में उपयोग लाए मोबाइल को भी जब्त किया है।

Related Articles