50 साल पुराने मार्केट की जगह बनेगा हाईराइज कॉम्प्लेक्स

हाईराइज कॉम्प्लेक्स
  • बदलेगी भोपाल के पांच नंबर की पहचान

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। 5 नंबर स्थित रविशंकर शुक्ल मार्केट की जगह 20 मंजिला ऊंची इमारत बनाने के लिए तैयारी तेज हो गई है। इस हाई राइज इमारत के लिए शनिवार को रविशंकर शुक्ला मार्केट की शिफ्टिंग का काम पूरा कर दिया गया। इस दौरान यहां काम करने वाले 65 दुकानदारों को सामने ही अस्थाई शेड में दुकानें आवंटित कर दी गईं।
सोमवार को स्थानीय विधायक भगवान दास सबनानी ने अस्थाई दुकानों का लोकार्पण कर शिफ्टिंग का काम शुरू करवाया। दरअसल 5 दशक में यह मार्केट जर्जर हो गया है। अब इस मार्केट परिसर को तोडक़र आधुनिक मिक्स्ड-यूज कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा है। इसके लिए ही इन 65 पुरानी दुकानों को खाली कराया जा रहा है। इसके लिए मार्केट के सामने ही अस्थायी शेड तैयार किया गया है। हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार नए प्रोजेक्ट के तहत यहां पर 125 नई दुकानें बनाने की तैयारी है। 65 दुकानें पुराने दुकानदारों को आवंटित होंगी। जबकि नए दुकानदारों को नई दुकानें बनाकर बेची जाएंगी। गौरतलब है कि बहुमंजिला इमारत के लिए 7 जनवरी को टेंडर जारी कर गए थे और अब भवन का निर्माण शुरू किया जा रहा है।
हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार इस भवन का निर्माण लगभग 42 महीने (3.5 साल) के अंदर पूरा कर लिया जाएगा। बता दें कि इस इमारत में नीचे दुकानें और रेसिडेंशियल उपयोग के लिए वन बीएचके से 4 बीएचके वाले लग्जरी फ्लैट भी तैयार किए जाएंगे। इस प्रोजेक्ट का निर्माण मध्य प्रदेश री डेवलपमेंट पॉलिसी 2023 के तहत किया जा रहा है, जिसमें विकास कार्य के लिए मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड निर्माणाधीन एजेंसी के रूप में निवेश कर रहा है।
5 बीएचके की जगह बनेंगे 4 बीएचके फ्लैट
इस प्रोजेक्ट के तहत पहले 5-बीएचके फ्लैट बनाए जाने की तैयारी थी, लेकिन अब वन बीएचके से लेकर 4 बीएचके फ्लैट्स बनाए जाएंगे। जिनकी कीमत भी अलग अलग होगी। यह सभी फ्लैट्स का निर्माणा 2800 से 3000 वर्गफीट क्षेत्रफल में किया जाएगा। वर्तमान इमारत में यहां 165 फ्लैट हैं। लेकिन नई इमारत में इनकी संख्या बढक़र 380 हो जाएगी, हाउसिंग बोर्ड के अनुसार 165 फ्लैट पुराने रहवासियों को दिए जाएंगे। जबकि 215 फ्लैट्स नए खरीदारों के लिए उपलब्ध रहेंगे।
इन सभी फ्लैट्स में 4 बालकनी
– सहित अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। नई इमारत में होंगी यह सभी सुविधाएं
– नए प्रोजेक्ट के तहत इस क्षेत्र में 20 मंजिल ऊंचे आठ टावर बनाए जाएंगे।
– हर टावर में लगभग 48 फ्लैट बनाए जाएंगे।
– रहवासियों के लिए स्वीमिंग पूल, योगा मेडिटेशन सेंटर।
– बच्चों के लिए प्ले एरिया बनाया जाएगा।
– रहवासियों और ग्राहकों के लिए अलग-अलग पार्किंग एरिया रहेगा।
– भूकंप रोधी आरसीसी स्ट्रक्चर से निर्माण किया जाएगा।
– शहर के बीच में होने के कारण प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों से बेहतर कनेक्टिविटी होगी।

Related Articles