भाजपा में प्रचारक बनते हैं, जबकि कांग्रेस में प्रशासक: जयवर्धन सिंह

जयवर्धन सिंह

युवा कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में हुई आगामी रणनीति पर चर्चा…

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मप्र युवा कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत करने और विधानसभा चुनाव-2028 को लेकर आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक को संबोधित करते हुए मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि भाजपा सरकार ने छात्र संघ चुनाव बंद कर दिए हैं, जिससे नई लीडरशिप निकलना बंद हो गई। युवा कांग्रेस छात्र संघ चुनाव करवाने की मांग उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आने वाले 25 साल जीवित रहना है, तो युवा कांग्रेस से नई लीडरशिप निकालना होगी। सिंघार ने कहा कि लोकतंत्र के अलावा आज नई टर्म ऑटोक्रेसी आ गई है। ऑटोक्रेसी का मतलब है कि चुनाव के समय मतदाताओं को योजनाओं के नाम पर नकद पैसे बांटो और लाड़ली बहना जैसी योजना चलाकर चुनाव जीतो और पांच साल तक प्रदेश को जमकर लूटते रहो। यह लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा खतरा है।
सिर्फ पैसे से चुनाव नहीं जीत सकते
सिंघार ने कहा कि युवा कांग्रेस के लोग यह जान लें कि सिर्फ पैसे से चुनाव नहीं जीत सकते। यदि क्षेत्र में आपका नाम है, तो अच्छी बात है। फिर आता है संगठन। संगठन को मजबूत कीजिए। इसके बाद पैसा आता है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस के लोग भविष्य का अच्छा लीडर बनने के लिए पार्टी के छोटे से छोटे कार्यकर्ता का ध्यान रखें और जनता के बीच सक्रिय रहे।
संगठन के कामकाज में सुधार लाने की नसीहत
बैठक में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा ने युकां के कामकाज की समीक्षा की। वे संगठन के कामकाज से असंतुष्ट नजर आए। उन्होंने प्रदेश पदाधिकारियों को कामकाज में सुधार लाने की नसीहत दी। शर्मा ने कहा कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का काम जमीन पर दिखना चाहिए।
सभी जोन में निकलेगी जन अधिकार न्याय यात्रा
युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस अपने सभी नौ जोन में जन अधिकार न्याय यात्रा निकालेगी। इस अवसर पर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव प्रभारी शिवी सिंह बौहान, सह प्रभारी रूपेश भदौरिया, दीपाली सनाने, हैवरन कसाना सहित युवा कांग्रेस के सभी उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव, जिला अध्यक्ष एवं विधानसभा अध्यक्ष उपस्थित थे।
अधिकारों का विकेंद्रीकरण करें
पूर्व मंत्री व विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष कांग्रेस की तर्ज पर जिला कार्यकारिणी, ब्लॉक और मंडलम का गठन करें। उन्होंने कहा कि सफल लीडर वही होता है, जो अधिकारों और जिम्मेदारियों का विकेंद्रीकरण करें। उन्होंने कहा कि भाजपा में प्रचारक बनते है, जबकि कांग्रेस में प्रशासक। प्रचारक का मतलब है, प्रचार-प्रसार करने वाले, आपका मुकाबला इन्ही प्रचारकों की पार्टी से है। इसलिए पूरी ताकत से मैदान में उतरें।

Related Articles