भोपाल में कटर मारने वाले से छात्राओं में खौफ

 छात्राओं

– पिछले दिनों एक घंटे के भीतर तीन युवतियों पर कटर से किया था हमला

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
राजधानी में चार दिन पहले तीन छात्राओं को एक-एक करके कटर मारने वाले नकाबपोश बाइक सवार का कोई सुराग पुलिस को नहीं मिल सका है। आरोपी को दबोचने के लिए दो संभागों के अफसर और दो थानों की टीम जुटी है। इसके बावजूद पुलिस के पास सुराग के नाम पर कुछ नहीं हैं। इधर, पिपलानी, गोविंदपुरा, अयोध्या नगर और एमपी नगर की कोचिंग में पढ़ने और रहने वाली बालिकाओं और छात्राओं में बदमाश की दहशत हैं। जिसका असर उनके अभिभावकों में भी देखा जा रहा है। जानकारी के अनुसार सिलसिलेवार तीन जगहों पर एक घंटे के भीतर तीन युवतियों को हमला करने वाले आरोपी की उम्र 30 से 35 साल के बीच हैं। उसकी आंखे काफी लाल थी। उसने तीनों स्थानों पर बातचीत न करते हुए कटर से सीधे वार किया था। आरोपी ने यह वार युवतियों चेहरे और उनके कमर के नीचे ही किए हैं। इससे साफ है कि आरोपी ने नशे की अवस्था में इरादतन यह हमले किए हैं। पुलिस ने उसके सायको होने की अटकलों से इंकार नहीं किया है। आरोपी की गिरफ्तारी पर डीसीपी जोन-2 विवेक सिंह ने 20 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया है। पुलिस के पास अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। इसलिए अब वह मोबाइल टॉवर लोकेशन के आधार पर उस क्षेत्र में घुमने वालों को चिन्हित करके थाने बुला रही हैं।
एबीवीपी ने गोविंदपुर एसीपी को ज्ञापन सौंपा
इन तीनों घटनाओं को लेकर राजधानी की कोचिंग और कॉलेज में पढऩे वाली छात्राओं में काफी दहशत हैं। सबसे ज्यादा चिंतित अभिभावक हैं जो बच्चियों की सुरक्षा को लेकर परेशान चल रहे हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया में आरोपी के किस्से बहुत तेजी से वायरल हो रहे हैं। जिनसे कई बच्चियों के अभिभावकों के चेहरे पर परेशानी देखी जा सकती है। वहीं घटना को लेकर सोमवार को एबीवीपी के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसीपी गोविंदपुरा अदिति भावसार को ज्ञापन सौंपा। जिसको वह मुस्कुराते हुए स्वीकार रही थी। आरोपी की गिरफ्तारी और उसको दबोचने के लिए किए जा रहे प्रयासों को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है जिसको मीडिया में उजागर करने से वह सचेत हो सकता है। जबकि आरोपी को दबोचने के लिए एमपी नगर एसीपी और गोविंदपुरा एसीपी के अलावा पिपलानी और अयोध्या नगर थाने की संयुक्त टीम बनी हुई है।
यह है वह युवतियां जो हमले से काफी दहशत में हैं
आरोपी बाइक सवार ने सबसे पहले अमीषा चंदेल पिता विकास सिंह चंदेल उम्र 21 साल को निशाना बनाया। वह कैरियर कॉलेज में बीए की छात्रा हैं। वह बी-सेक्टर में रहती हैं। घटना 29 जनवरी की रात लगभग सवा दस बजे हुई थी। अमीषा चंदेल को दाहिने तरफ कमर के नीचे कटर मारा गया है। इसके बाद आरोपी ने पंद्रह मिनट बाद ही अवनी पटेल पिता संजू पटेल उम्र 18 साल को निशाना बनाया। वह सोनागिरी स्थित ए-सेक्टर में रहती हैं। सेंट पॉल स्कूल में कक्षा बारहवीं की छात्रा अवनी पटेल के दाहिने कूल्हे पर बहुत बुरी तरह से कटर मारा गया। वह बालाजी अस्पताल में भर्ती है। घटना के वक्त वह किराना दुकान से मेहंदी लेकर घर जा रहीं थीं। इसके बाद आरोपी अयोध्या नगर स्थित भवानी धाम फेज-1 के पास पहुंचा। यहां उसने उमा राजपूत पिता शंभू सिंह राजपूत उम्र 18 साल के चेहरे पर कटर मारा। उमा राजपूत के होंठ के पास कटर का वार लगा है। जिस कारण वह बुरी तरह से लहूलुहान हो गई थीं।

Related Articles