होली पर भोपाल से लखनऊ का किराया 8,899

  • बेलगाम बस बुकिंग ऐप्स वसूल रहे मनमाना किराया…

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
मध्य प्रदेश में होली के त्योहार के चलते बड़ी संख्या में लोग यात्रा कर रहे हैं। इसका फायदा उठाकर बस ऑपरेटर्स यात्रियों से मनमाना किराया वसूल रहे हैं। ऑनलाइन बस बुकिंग ऐप्स पर भोपाल से लखनऊ के लिए किराया 8,899 रुपए तक है। यह सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक है। त्योहार के समय घर पहुंचने की मजबूरी में यात्रियों के पास सीमित विकल्प होते हैं। इसी का फायदा उठाते हुए किराए में भारी बढ़ोतरी कर दी गई है।
आमतौर पर भोपाल से सतना का सामान्य किराया 1,000 से 1,200 रुपए के बीच रहता है, लेकिन अब रेड बस के ऐप पर किराया 4,500 रुपए है, यानी चार गुना तक किराया बढ़ा दिया गया है। इसी तरह भोपाल से रीवा जाने वाली सुनील टूर एंड ट्रेवल्स की बस में अधिकतम किराया 6,000 रुपए तक है। देव हाई स्पीड ट्रैवल्स में 4,500 रुपए और अंजुमन ट्रैवल्स में 5,000 रुपए तक किराया वसूला जा रहा है, जबकि सामान्य दिनों में यही सफर 900 से 1,200 रुपए में पूरा हो जाता है। खास बात यह है कि एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस अफसरों को किराये की अवैध वसूली रोकने के आदेश दिए थे।
विभाग के पास ऐप किरायों पर सीधा नियंत्रण नहीं
सबसे अहम बात यह है कि ऑनलाइन बस बुकिंग ऐप्स पर दिखाए जा रहे किरायों पर परिवहन विभाग का सीधा नियंत्रण नहीं है। किराया तय करने का अधिकार संबंधित बस ऑपरेटर के पास होता है और ऐप्स उसी तय दर को अपने प्लेटफॉर्म पर दिखाते हैं। ऐसे में त्योहारों के दौरान जैसे ही मांग बढ़ती है, किराया मनचाहे स्तर तक पहुंच जाता है। हालांकि, भोपाल आरटीओ जितेंद्र शर्मा का कहना है कि यदि किसी यात्री को किराये से संबंधित कोई शिकायत है तो वह सीधे कार्यालय में संपर्क कर सकता है।
भोपाल से मुंबई 6006, लखनऊ 8899
भोपाल से मुंबई के लिए रतन टूर एंड ट्रैवल्स 6006 रुपए तक किराया ले रहा है, जबकि आम दिनों में यही टिकट 1400 से 1700 रुपए में मिल जाता है। भोपाल से लखनऊ के लिए बेत्रवंती ट्रेवल्स में किराया 8899 रुपए तक पहुंच गया है, जो सामान्य 1400 से 1800 रुपए की तुलना में कई गुना अधिक है।

Related Articles