बैठक में प्रवेश के लिए लागू होगी बारकोड व्यवस्था

बारकोड व्यवस्था
  • संगठन विस्तार और आगामी रणनीति पर होगा मंथन
  • ओरछा में 30-31 अगस्त को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक
  • कार्यकर्ताओं को सौंपी गई भाजपा पदाधिकारियों, अलग-अलग जिम्मेदारी

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। प्रदेश के निवाड़ी जिले की श्रीराम राजा सरकार की नगरी ओरछा में 30 और 31 अगस्त को भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित होगी। मंगलवार को भाजपा के जिला और प्रदेश पदाधिकारियों ने बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं। प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन ने बताया कि कार्यसमिति की बैठक में प्रवेश के लिए बारकोड व्यवस्था लागू की जाएगी। इससे प्रवेश प्रक्रिया व्यवस्थित और सुचारू रखने में मदद मिलेगी। कार्यकर्ताओं को स्वागत, नगर सजावट, प्रवेश और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां दी गई हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश कार्यसमिति बैठक की तिथि पहले घोषित की थी, परंतु दतिया उपचुनाव के कारण आगे बढ़ाई गई थी। प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक रामराजा सरकार की नगरी ओरछा में 30 अगस्त को प्रात: 9 बजे शुरू होगी और 31 अगस्त को दोपहर 12 बजे समाप्त होगी।
बैठक में केंद्रीय मंत्री, कोर समिति, राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, संभाग प्रभारी और मोर्चों के अध्यक्ष सहित लगभग 300 लोग शामिल होंगे। खंडेलवाल ने  कहा कि बैठक में संगठन को सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्यापक मंथन किया जाएगा। साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार एवं प्रशिक्षण सहित पार्टी की आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा होगी!
सजाई जाएगी राम राजा की नगरी
भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश पटेरिया ने बताया कि ओरछा तिगैला से नगर तक कई स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। राम राजा की नगरी को आकर्षक रूप से सजाया जाएगा। सजावट, स्वागत और भोजन व्यवस्था में बुंदेलखंड और ओरछा की संस्कृति की झलक दिखाई देगी। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बरुआ ने कहा कि आयोजन को सफल बनाने में व्यवस्थाओं की अहम भूमिका रहेगी। तैयारी बैठक में राज्यसभा सांसद महेश केवट, केशव सिंह भदौरिया, लोकेंद्र पाराशर, श्याम महाजन, अर्चना गुड्डू सिंह, राजेश पटेरिया, विधायकै अनिल जैन, जिला प्रभारी डॉ. दीपक भदौरिया, बृजगोपाल गोयल, विशाल बत्रा, पवन दुबे सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
युवाओं पर रहेगा खास फोकस
कार्यसमिति में युवाओं के साथ जेन-जी और जेन-अल्फा को पार्टी से जोडऩे पर विशेष चर्चा होगी। युवाओं के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने और उनसे संवाद के नए तरीके तलाशने के लिए कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा सकती है। इसके अलावा सहकारिता, नगरीय निकाय चुनाव और दूसरे राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा होगी। सरकार के कामकाज और संगठन की गतिविधियों की भी समीक्षा की जाएगी।

Related Articles