- एमपी के 12 लाख कर्मचारी-पेंशनर्स को होगा फायदा

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
मध्य प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 3 प्रतिशत बढ़ा दिया है। इस फैसले से कर्मचारियों को 4,185 से लेकर 38,070 रुपए तक एरियर मिलेगा, वहीं उनकी सैलरी में हर महीने 465 से 4,230 रुपए तक की बढ़ोतरी तय मानी जा रही है। राज्य सरकार ने बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता अप्रैल के वेतन के साथ देने का निर्णय लिया है। हालांकि, मुख्यमंत्री के ऐलान के 15 दिन बाद भी वित्त विभाग ने अभी तक इसका आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया है, जिससे कर्मचारी और अधिकारी इंतजार में हैं। इस फैसले का लाभ प्रदेश के करीब 12 लाख कर्मचारियों और पेंशनर्स को मिलेगा। इनमें लगभग 7.50 लाख कर्मचारी-अधिकारी और 4.50 लाख पेंशनर्स शामिल हैं। बढ़ोतरी के बाद कर्मचारियों को अब 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा, जो पहले 55 प्रतिशत था। पेंशनर्स को भी इसी दर से महंगाई राहत दी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार 2 मार्च को राज्य के 12 लाख कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता और महंगाई राहत बढ़ाने की घोषणा की है। इसके दायरे में प्रदेश के 7.50 लाख कर्मचारी-अधिकारी और करीब 4.50 लाख पेंशनर्स आएंगे।
6 समान किस्तों में मई से शुरू करने का फैसला
सरकार ने एरियर का भुगतान एक साथ करने के बजाय 6 समान किस्तों में मई से शुरू करने का फैसला किया है, जिससे नवंबर 2026 से पहले पूरी राशि दी जा सकेगी। इससे कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से लाभ मिलेगा। हालांकि, पेंशनर्स को इस फैसले में नुकसान उठाना पड़ सकता है। सरकार ने उन्हें जुलाई 2025 से एरियर देने के बजाय 1 जनवरी 2026 से एरियर देने का निर्णय लिया है।
