
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
प्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में हो रही देरी से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इन दिनों मावठे की बारिश, ओलावृष्टि और लगातार बदलते मौसम के कारण किसानों को अपनी उपज को पानी से बचाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। सरकार ने समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की तारीख 10 अप्रैल और 15 अप्रैल तय की है, जिससे किसानों में चिंता है। किसानों की गेहूं की फसल एक महीने पहले ही तैयार हो चुकी है। हालांकि, मंडियों में मिल रहे कम दाम और समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू न होने के कारण किसानों ने अपनी उपज को खुले आसमान के नीचे या घरों के आंगन में तिरपाल डालकर रखा है। वे अब समर्थन मूल्य पर अपनी फसल बेचने का इंतजार कर रहे हैं। उधर, मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने संबंधित जिल्ला के कलेक्टरों को फसल नुकसान का आंकलन कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेश के विभिन्न जिलों में गरज-चमक के साथ हुई वर्षा ने आम आदमी को जहां तेज गर्मी से राहत दी, वहीं किसानों को चिंता में डाल दिया है। ग्वालियर-चंबल अंचल सहित प्रदेश के कुछ जिलों में आंधी, वर्षा के साथ ओलावृष्टि भी हुई, जिसने गेहूं की फसल पर बड़ा खतरा पैदा कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आगामी चार दिनों (आठ अप्रैल) तक ओलावृष्टि, तेज आंधी और बारिश की आशंका जताई है, ऐसे में अन्नदाता की नींद उड़ी हुई है। जानकारों का कहना है कि ओले/न भी गिरे तो भी तेज हवाओं के साथ होने वाली बारिश फसल को नुकसान पहुंचा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को मंदसौर, श्योपुरकलां, शिवपुरी, ग्वालियर भिंड, मुरैना, दतिया, छतरपुर, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, बैतूल, नरसिंहपुर और सागर जिलों में ओले गिरे। शिवपुरी, मुरैना, अशोकनगर, गुना, ग्वालियर, इंदौर, मंदसौर, धार, बैतूल, जबलपुर, सागर, बड़वानी, कटनी, सीधी, रीवा, चित्रकूट और सतना में 30 से 54 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। ग्वालियर में सबसे अधिक 31.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। नौगांव में 28.6 मिमी, खजुराहो में 12.2 मिमी, सागर में 8.4 मिमी, सतना में 8.3 मिमी, छिंदवाड़ा में 3.6 मिमी और बैतूल में 2.4 मिमी बारिश हुई है। सात अप्रैल से नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।
मुख्यमंत्री ने दिए सर्वे के निर्देश
मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि फसलों के साथ आमजन को हुई क्षति का आकलन करवाएं ताकि राहत उपलब्ध कराई जा सके। राजगढ़, रायसेन, बैतूल जिलों में भी आंधी, वर्षा और ओलावृष्टि से प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। प्रदेश में गेहूं की सरकारी खरीदी अब 9-10 अप्रैल से शुरू हो जाएगी। सीएम डॉ. मोहन यादव ने रविवार को दो बार अफसरों के साथ गेहूं खरीदी को लेकर बैठक की। बैठक में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, पशुपालन मंत्री लखन पटेल और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
