आईपीएस की तबादला सूची पर फिलहाल ब्रेक

आईपीएस
  • 2020 बैच को भी मिलेगी जिले की कमान, कई रेंज के आईजी भी बदलेंगे

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मध्यप्रदेश में आईपीएस अफसरों की तबादला सूची त्यौहारों के कारण अटक गई है। माना जा रहा था कि विधानसभा सत्र खत्म होते ही ट्रांसफर लिस्ट जारी कर दी जाएगी, लेकिन होली के बाद रंगपंचमी और ईद के त्यौहारों को देखते हुए गृह विभाग की तरफ से इस सूची को होल्ड पर रखा गया है। जानकारी के अनुसार इस तबादला सूची में सबसे ज्यादा फायदा 2020 बैच के पांच आईपीएस अफसरों को होगा, जिन्हें जिलों में एसपी पद की कमान सौंपी जाएगी।
अब तक 2019 बैच के आईपीएस जिलों में एसपी पद पर आ चुके हैं। इसके अलावा कोर्ट के आदेश से प्रमोटी आईपीएस बने अधिकारी भी जिले के एसपी बन सकते हैं। मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, यह तबादला सूची लगभग दो सप्ताह से बनकर तैयार रखी हुई है। जानकारी के अनुसार 2020 बैच के आईपीएस मयूर खंडेलवाल, सोनाक्षी सिन्हा, शियाज केएम, आनंद कलादगी और कृष्ण लालचंदानी को नए जिलों की कमान सौंपी जा सकती है। इसके अलावा 2016 बैच के प्रमोटी आईपीएस प्रकाशचंद्र परिहार, राजेंद्र वर्मा और अरुण मिश्रा को भी जिले में एसपी के पद पर भेजा जा सकता है।
हट सकते हैं इन जिलों के एसपी
इस प्रस्तावित सूची के अनुसार लगभग 20 जिलों में नए एसपी की पदस्थापना होगी। शाजापुर के एसपी यशपाल सिंह राजपूत, शिवपुरी के पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौर, डिंडौरी एसपी वाहिनी सिंह, मंडला एसपी रजत सकलेचा, छतरपुर एसपी अगम जैन, बुरहानपुर एसपी देवेंद्र कुमार पाटीदार, निवाड़ी एसपी राय सिंह नरवरिया, नीमच एसपी अंकित जायसवाल, दमोह एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी, सिवनी एसपी सुनील कुमार मेहता, आगर मालवा एसपी विनोद कुमार सिंह, ग्वालियर एसपी धर्मवीर सिंह, उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा और जबलपुर एसपी संपत उपाध्याय को भी बदला जा सकता है। इनमें से छोटे जिलों के एसपी को बड़े जिलों की कमान सौंपी जा सकती है। इसके अलावा खंडवा एसपी मनोज राय, एसपी रेल भोपाल राहुल लोढा, एसपी रेल जबलपुर सिमाला प्रसाद, एसपी भिंड असित यादव, और एसपी धार मयंक अवस्थी डीआईजी बन चुके हैं, लिहाजा उन्हें भी बदला जाना प्रस्तावित है। इसके अलावा रीवा एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान, डीसीपी भोपाल विवेक सिंह, डीसीपी इंदौर कुमार प्रतीक और एसपी झाबुआ डॉ शिवदयाल भी इस साल एक जनवरी को डीआईजी बन चुके हैं और इन्हें भी नई पोस्टिंग मिलना तय है, ऐसे में इन जिलों में नए एसपी की तैनाती होगी।
इन डीआईजी से छिन सकती है फील्ड पोस्टिंग
उज्जैन डीआईजी नवनीत भसीन, एडिशनल सीपी लॉ एंड ऑर्डर इंदौर अमित सिंह, एडिशनल सीपी लॉ एंड ऑर्डर भोपाल अवधेश गोस्वामी, डीआईजी शहडोल सविता सुहाने और डीआईजी नर्मदापुरम प्रशांत खरे को फील्ड से हटाकर यूनिटों या पीएचक्यू में तैनात किया जा सकता है। इसके अलावा डीआईजी कैडर के डायरेक्टर फॉरेंसिक साइंस लैब शशिकांत शुक्ला को फील्ड में भेजा जा सकता है। इसके अलावा आईजी स्तर के नाम भी इस सूची में शामिल होने की संभावना है। इंदौर ग्रामीण के आईजी अनुराग, आईजी इंटेलिजेंस डॉ. आशीष, आईजी पीएचक्यू रुचिवर्धन मिश्रा, आईजी एसएएफ इंदौर चंद्रशेखर सोलंकी और आईजी ग्वालियर अरविंद सक्सेना की पदस्थापना भी बदली जा सकती है। गौरतलब है कि बड़वानी जिले में हुई कृषि कैबिनेट की बैठक से ठीक एक दिन पहले, लंबे समय से रिक्त एसपी के पद पर पद्मविलोचन की चार दिन पहले ही तैनाती की गई थी।

Related Articles