- ईरान-इजरायल संघर्ष का असर…

- नियमों में बदलाव: पहली बुकिंग के 25 दिन बाद ही दूसरी होम डिलीवरी
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
राजधानी भोपाल सहित प्रदेशभर के रसोई गैस उपभोक्ताओं को सिलेंडर के लिए तीन से चार हफ्ते का इंतजार करना पड़ सकता है। बता दें कि केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की रिफिल बुकिंग के नियमों में कड़ा बदलाव किया गया है। अब उपभोक्ता एक सिलेंडर की डिलीवरी होने के बाद दूसरी बुकिंग 21 दिन के बजाय 25 दिन बाद ही कर सकेंगे। सरकार ने यह कदम मध्य-पूर्व (मिडल ईस्ट) में जारी तनाव के बीच गैस की संभावित किल्लत और जमाखोरी को रोकने के लिए उठाया है। वहीं राजधानी में कई जगहों से सिलेंडर बुकिंग के बाद भी लोगों को होल डिलीवरी नहीं मिल पा रही है। लोगों के अनुसार सिलेंडर बुक बुक करने के 7 दिन बाद तक होम डिलीवरी नहीं हो पा रही है, जिसके कारण लोगों को एजेंसी के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
जमाखोरी रोकने के लिए नियमों में किया गया बदलाव
अधिकारियों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय संकट की खबरों के बीच लोग जरूरत न होने पर भी सिलेंडर बुक कर स्टॉक कर रहे थे। इससे उन उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही थी जिन्हें वास्तव में सिलेंडर की तत्काल आवश्यकता थी। सरकार का मानना है कि वेटिंग पीरियड को बढ़ाकर 25 दिन करने से बेवजह की बुकिंग पर लगाम लगेगी और सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से सप्लाई सुनिश्चित हो सकेगी। मध्य पूर्व में चल रहे ईरान-इजराइल संघर्ष का असर अब देश में गैस सप्लाई व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। ऑयल कंपनियों ने एहतियातन कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की डिलीवरी फिलहाल रोक दी है। इस फैसले से भोपाल के होटल, रेस्त्रां, मैरिज गार्डन और छोटे-बड़े उद्योगों की चिंता बढ़ गई है, खासतौर पर ऐसे समय में जब शहर में शादियों का सीजन शुरू हो चुका है।राजधानी भोपाल में करीब दो हजार से ज्यादा छोटे-बड़े होटल और रेस्त्रां हैं, जहां रोजमर्रा के संचालन में कमर्शियल गैस सिलेंडर का इस्तेमाल किया जाता है। इसके अलावा कई उद्योगों में भी यही सिलेंडर उपयोग में आते हैं। हालांकि अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को इस रोक से फिलहाल छूट दी गई है। कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई रुकने से होटल और रेस्त्रां संचालकों में नाराजगी है। उनका कहना है कि हाल ही में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 1773 रुपए से बढ़ाकर 1888 रुपए कर दी गई है और वे बढ़ी हुई कीमत चुकाने के लिए भी तैयार हैं। इसके बावजूद अचानक सप्लाई रोकना समझ से परे है, खासकर तब जब शहर में शादियों का सीजन चल रहा है। मार्च के बाकी दिनों में भोपाल और आसपास के इलाकों में करीब एक हजार से ज्यादा शादियां होने वाली हैं। ऐसे में मैरिज गार्डन और कैटरिंग कारोबार पर इसका असर पड़ सकता है।
घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता
ऑयल कंपनियों का कहना है कि फिलहाल एलपीजी की कोई कमी नहीं है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर यह कदम उठाया गया है। घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने के लिए कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई अस्थायी रूप से रोकी गई है, ताकि घरों में गैस की उपलब्धता प्रभावित न हो।
खान-पान व्यवस्था पर पड़ सकता है असर
एलपीजी डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष आरके गुप्ता का कहना है कि कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई रुकने से होटल-रेस्त्रां और उनसे जुड़े कारोबार प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि शहर में बड़ी संख्या में लोग बाहर के खाने पर निर्भर रहते हैं, ऐसे में सप्लाई बाधित होने से परेशानी बढ़ सकती है।उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर कलेक्टर ने एजेंसी संचालकों की बैठक बुलाई है, जिसमें आगे की रणनीति और समाधान पर चर्चा की जाएगी।
महंगा हुआ घरेलू और कमर्शियल गैस
सिलेंडर इसी के साथ ही सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपये का इजाफा किया है। इस बढ़ोतरी केभोपाल में गैस सिलेंडर की कीमत 858.50 रुपए से बढक़ बढक़र 918.50 रुपए हो गई है। नई कीमतें 7 मार्च से प्रभावी हो गई हैं। बता दें कि कीमतों में यह बदलाव लगभग एक साल के अंतराल के बाद आया है। इसके पहले 8 अप्रैल 2025 को दाम बढ़े थे। इसके अलावा 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में भी 115 रुपए की बढ़ोत्तरी की गई है। भोपाल में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 1796 रुपए से बढक़र 1911 रुपए हो गया है। शहर के व्यापारियों का कहना है कि लागत बढ़ने से खाद्य पदार्थों की कीमतों पर इसका सीधा असर पड़ सकता है। जानकारों के अनुसार, अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमतों में अस्थिरता देखी जा रही है, जिसका असर घरेलू बाजार पर पड़ रहा है।
