
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
मध्य प्रदेश कांग्रेस जनता तक पहुंचने के लिए इंटरनेट मीडिया को वर्ष 2026 में बड़े साधन के रूप में उपयोग करने जा रही है। पार्टी डिजिटल अभियान चलाएगी, जिसमें इंटरनेट मीडिया के माध्यम से आमजन को बताया जाएगा कि भाजपा की नीतियां जनविरोधी हैं, जबकि कांग्रेस जनता की लड़ाई सडक़ से सदन तक किस तरह से लड़ रही है। एआइ को इसमें बड़े टूल के रूप में उपयोग किया जाएगा। रविवार को भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में इंटरनेट मीडिया विभाग की राज्य स्तरीय बैठक में यह रणनीति बनी है। नव संचार 2026 थीम पर पार्टी संगठित, अनुशासित और प्रभावी डिजिटल अभियान चलाएगी। इसमें कंटेंट प्लानिंग, त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र, वीडियो ग्राफिक्स के माध्यम से जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का काम होगा। बैठक में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि आने वाला समय तकनीक आधारित राजनीतिक संचार का है। कार्यकर्ता एआइ टूल्स का सकारात्मक, नैतिक और रणनीतिक उपयोग करते हुए कांग्रेस की आवाज को हर वर्ग तक पहुंचाएं। बैठक में प्रदेशभर के इंटरनेट मीडिया पदाधिकारी, जिला एवं विधानसभा स्तर के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी संबोधित किया।
भाजपा की नीतियों को उजागर करें: सुप्रिया श्रीनेत
एआईसीसी इंटरनेट मीडिया विभाग की अध्यक्ष सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि भाजपा झूठ, भ्रम और मनगढ़ंत नैरेटिव के जरिए जनता को गुमराह करती है। कार्यकर्ता बंटू बना जैसे अभियानों के माध्यम से भाजपा की नीतियों की सच्चाई उजागर करने और रचनात्मक, तथ्यपरक तथा आक्रामक डिजिटल संवाद बनाने का काम करें। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, भाजपा कार्यकर्ता पत्थरबाज हो गए हैं। उन्होंने इंदौर-भोपाल कांग्रेस कार्यालय में पत्थर फेंके और पुलिस मूकदर्शक बनी रही। वह बोलीं दिल्ली में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन एआइ समिट के विरुद्ध नहीं बल्कि नीतियों के खिलाफ था।
