- नेताओं को जिलेवार मिलेगी जिम्मेदारी, ब्लाकवार सम्मेलन

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
मध्य प्रदेश में कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान पूर्णता की ओर है। जिला, ब्लाक और मंडलम स्तर तक इकाइयों का गठन किया जा चुका है। एससी, एसटी विभाग के साथ महिला और युवा कांग्रेस की टीम भी बन चुकी है। अब पार्टी अपने सभी वरिष्ठ नेताओं को मैदान में उतारकर फीडबैक लेने के साथ कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का काम करेगी। इसके लिए जिलेवार जिम्मेदारी निर्धारित होगी। ये वहां पर ब्लाकवार सम्मेलन भी करेंगे। प्रदेश में पिछले एक साल से यह अभियान चलाया जा रहा है। केंद्रीय पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट पर जिला अध्यक्ष बनाए गए और जिले के सभी वरिष्ठ नेताओं के बीच समन्वय बनाकर ब्लाक अध्यक्षों की नियुक्ति की। अब पार्टी ने तय किया है कि इस अभियान का फीडबैक वरिष्ठ नेताओं को जिलों में भेजकर लिया जाए। इसमें यह भी पता चल जाएगा कि नई टीम को लेकर कहीं कोई असंतोष तो नहीं है। यदि कुछ संशोधन करने की आवश्यकता है तो वह आधार और कारण के साथ प्रदेश इकाई को पता चले। वरिष्ठ नेताओं से कहा गया है कि वे अपनी सुविधा के अनुसार दो तीन जिलों के नाम बता दें, जहां वे जाना चाहते हैं। इसके बाद शेष जिलों के लिए प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों को अधिकृत कर दिया जाएगा। वरिष्ठ नेताओं के दौरे के बाद जिला और विधानसभा प्रभारी की जिम्मेदारी होगी कि वे प्रतिमाह जिले में गठित सभी इकाइयों के कामकाज की समीक्षा कर रिपोर्ट भेजें। प्रदेश संगठन महासचिव संजय कामले का कहना है कि पहले भोपाल में ब्लाक कांग्रेस का सम्मेलन होगा। इसमें इनकी भूमिका पर चर्चा होगी और फिर जिलों में वरिष्ठ नेताओं को भेजा जाएगा। दिग्विजय के बाद अजय सिंह सक्रिय, अरुण यादव संगठन सृजन में लगे हुए हैं।
