सीएम के बेटे की शादी आज, 8 राज्यों के राज्यपाल और 11 राज्यों के सीएम समेत मप्र के सभी मंत्री होंगे शामिल

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
मध्यप्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव के बेटे अभिमन्यु और बहू इशिता रविवार को सांवरा खेड़ी में होने वाले सामूहिक सम्मेलन में विवाह बंधन में बंधेंगे। सीएम ने अपने बेटे की शादी सामूहिक सम्मेलन में कर सादगी का परिचय दिया है। इसकी चर्चा सभी ओर हो रही है। सीएम के बेटे-बहू के साथ कुल 22 जोड़े सामूहिक विवाह कार्यक्रम में एक साथ फेरे लेंगे। इस दौरान कई वीवीआईपी के आने की संभावना जताई जा रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री के छोटे बेटे की 30 नवंबर को होने वाली शादी की चर्चा पूरे प्रदेश में हो रही है। वाकणकर ब्रिज के समीप सांवरा खेड़ी में सामूहिक विवाह सम्मेलन में होने वाले कार्यक्रम में देश भर के 8 राज्यपाल, 11 मुख्यमंत्री लगभग 25 संतों को आमंत्रित किया है।
रविवार सुबह सभी 22 जोड़ों का विवाह स्थल के पास ही सामूहिक शोभायात्रा निकलेगी। जिसमें सभी दूल्हे घोड़ी पर तो दुल्हन बग्घियों में सवार होकर निकलेंगी। वहीं रिश्तेदार बाराती बनकर बैंड-बाजों पर नाचते नजर आएंगे। शोभायात्रा के स्वागत के लिए कई मंच बनाए गए हैं। शादी में भाजपा शासित 11 राज्यों के मुख्यमंत्री, 8 राज्यपाल, प्रदेश का मंत्री मंडल और केंद्रीय मंत्रियों के साथ कई साधु-संतों को आमंत्रित किया गया है। सांवरा खेड़ी में हो रहे सामूहिक सम्मेलन को विशेष रूप से सजाया गया है। सभी वीआईपी-वीवीआईपी बैठेंगे और 22 वर वधु एक साथ वरमाला आपस में पहनाएंगे। इसके लिए 5 विशेष डोम बनाए गए हैं। दूल्हा दुल्हन के लिए ग्रीन रूम तैयार किए गए हैं। यहां वीआईपी के लिए 1 पैंट्री भी है। एक 40/100 का विशाल मंच बनाया गया है। एक मंच 50/25 का ओर फेरों के लिए 15/15 साइज के 22 मंडप बनाए गए। सामूहिक सम्मेलन में 22 जोड़े के दूल्हा-दुल्हन दोनों और 44 परिवार के 25-25 लोगों को आमंत्रित किया गया है। कोई ज्यादा भी लाना चाहें तो उस पर कोई रोक नहीं लगाई गई है। सुबह करीब 9 बजे एक साथ सभी का प्रोसेशन(शोभायात्रा) इम्पीरियल होटल के पास से निकलकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेगा। सभी वर एक साथ तोरण मार मंडप में बैठेंगे मुख्यमंत्री के मित्र एवं परिवार के सदस्य रवि सोलंकी ने बताया सभी मेहमानों से उपहार नहीं लाने का आग्रह किया गया है। सुबह 10 बजे भोजन तैयार मिलेगा। जिसमें काजू कतली, राज भोग मूंग खसखस का हलवा,केसर कलाकंद, राजस्थानी डंठल पपड़ी,ड्राई फ्रूट चना दाल, भजिये, छोले आलू गोभी की सब्जी, पूरी दाल रोटी, चावल सब कुछ बफेट सिस्टम में खाने को मिलेगा।

Related Articles