- कार्यकर्ताओं को दिया जाएगा प्रशिक्षण

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
भारतीय जनता पार्टी अब संगठन को बूथ और मंडल स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर तेजी से काम कर रही है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत बड़े स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बाद अब इन्हें मंडल स्तर तक ले जाया जाएगा। इस अभियान की जिम्मेदारी पार्टी के जिला प्रभारी, संभाग प्रभारी और सरकार के प्रभारी मंत्रियों को दी गई है। यही वजह है कि प्रदेश के विभिन्न जिलों-टीकमगढ़, छतरपुर, छिंदवाड़ा और भोपाल में प्रभारी मंत्रियों द्वारा लगातार बैठकों का दौर जारी है और कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक दिशा दी जा रही है। दरअसल, भाजपा आगामी नगरीय निकाय और विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है। प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए नए कार्यकर्ताओं, खासकर युवाओं और महिलाओं को सक्रिय किया जा रहा है। साथ ही उन्हें संगठन में अहम जिम्मेदारियां भी सौंपी जा रही हैं। पार्टी अब अपने विभिन्न मोर्चों-युवा, महिला, किसान, अनुसूचित जाति और जनजाति मोर्चा-को भी मजबूत करने में जुटी है। इसके तहत जल्द ही जिला अध्यक्षों की नियुक्तियां की जाएंगी। कोर कमेटी से प्रत्येक पद के लिए तीन-तीन नाम मांगे गए हैं। मोर्चों की कार्यकारिणी घोषित न होने से अब तक उनकी गतिविधियां प्रभावित हो रही थीं, जिन्हें जल्द गति देने की तैयारी है।
जनभागीदारी समितियों में भी होंगी नई नियुक्तियां
इधर, प्रदेश के सरकारी कॉलेजों में जनभागीदारी समितियों के पुनर्गठन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। वर्ष 2022 में गठित इन समितियों का कार्यकाल पूरा हो चुका है। नवंबर 2025 तक 300 से अधिक समितियों का कार्यकाल समाप्त हो गया था, जबकि अन्य कॉलेजों की समितियां भी अब खत्म हो चुकी हैं। सरकार ने नई नियुक्तियों के लिए तीन-तीन नाम मांगे हैं। तीन साल के कार्यकाल वाली इन समितियों के जरिए प्रदेशभर में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं को संस्थागत भागीदारी का अवसर मिलेगा।
