प्रकाश झा की जमीन पर… प्रशासन का चला बुलडोजर

  • केरवा के पास काटे करोड़ों के फार्म हाउस

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के आदेश पर शनिवार को केरवा डैम लो डेंसिटी एरिया में काटे जा रहे फार्म हाउस की बाउंड्री वॉल के साथ एक अवैध कॉलोनी में जिला प्रशासन का बुलडोजर चला। दोनों ही जगह पहले कॉलोनी संचालक ने इसका विरोध किया, लेकिन जिला प्रशासन की सख्ती के चलते उनकी एक न चली। दोनों जगह को मिलाकर करीब 23 एकड़ जमीन में डेवलप हो रहे अवैध निर्माणों पर दिनभर प्रशासन की कार्रवाई चलती रही। जानकारी के मुताबिक, सबसे पहले कार्रवाई बरखेड़ी बाजयाफ्त की पंचायत कुशालपुरा में की गई। यहां पर पहले फिल्म सिटी बनाने की प्लानिंग थी। इसके लिए फिल्म निर्माता प्रकाश झा ने यहां करीब 20 एकड़ जमीन खरीदी थी, लेकिन लंबे समय तक फिल्म सिटी नहीं बनने के बाद दोबारा प्लान को बदला गया। टीएंडसीपी की परमिशन लेकर अब यहां पर एक-एक एकड़ के 13 फार्म हाउस डेवलप किए जा रहे हैं। एक फार्म हाउस की कीमत करीब 8 से 9 करोड़ रुपए के बीच बताई जा रही है। दूसरी कार्रवाई पंचायत भानपुर केकडिय़ा में 3 एकड़ में डेवलप हो रही एक अवैध कॉलोनी पर हुई। प्रशासन का दावा है कि जिन दो कॉलोनियों पर कार्रवाई की गई है, वह केरवा डेम के लो डेंसिटी एरिया में आ रही थी। दोनों जगहों की जमीनों का बाजार मूल्य करीब 55 करोड़ रुपए से ज्यादा आंका गया है।
सरकारी सडक़ पर भी किया था कब्जा
इस संबंध में पूर्व में जिला प्रशासन के पास लोक निर्माण विभाग ने भी शिकायत दर्ज कराई थी कि निर्माणकर्ता के लोगों ने सरकारी सडक़ पर बाउंड्रीवॉल बना दी है, जिसके कारण सडक़ चौड़ीकरण में परेशानियां आ रही हैं। हालांकि इस मामले में प्रशासन के पास अवैध कॉलोनी के संबंध में भी शिकायत पहुंची थी। कई शिकायत तक पहुंचाने के बाद प्रशासन ने यहां पर अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की। केरवा के कैचमेंट में होने के कारण इस जमीन पर निर्माण को लेकर एनजीटी में भी शिकायत की गई है। पंचायत भानपुर केकडिय़ा में भी अवैध कॉलोनी डेवलप की जा रही थी। जिला प्रशासन के अफसरों ने पहुंचकर उनकी बाउंड्रीवॉल को तोडऩे और बनी हुई सीमेंट सडक़ को जेसीबी की मदद से उखाड़ दिया। ये कॉलोनी करीब 3 एकड़ में डेवलप की जा रही थी।

Related Articles