
- शपथ लेते वक्त स्पीच देने लगे तो राज्यपाल ने टोका, राहुल गांधी भी रहे मौजूद
चेन्नई/एजेंसी। तमिलनाडु की राजनीति में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है। अभिनेता से नेता बने थलापति विजय ने आज चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम ने अपने पहले ही चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटें जीतीं और कांग्रेस, वीसीके व वामदलों के समर्थन से बहुमत का आंकड़ा 118 पार किया था। राहुल गांधी समेत कई बड़े नेता शपथ समारोह में शामिल हुए हैं। अभिनेता से नेता बने विजय तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। इस दौरान उनके पिता भावुक नजर आए।
टीवीके नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली: केजी अरुणराज, एन आनंद, आधव अर्जुन, केए सेंगोट्टैयन, पी. वेंकटरमणन, आर निर्मल कुमार, राजमोहन, टीके प्रभु, एस कीर्तना ने मंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने उन्हें पद की शपथ दिलाई।
समारोह कई दिग्गज रहेंगे मौजूद: इस ऐतिहासिक समारोह में शामिल होने के लिए देश के कई बड़े नेता चेन्नई पहुंच रहे हैं। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। स्टेडियम में 5,000 से ज्यादा मेहमानों के आने की उम्मीद है, जिसे देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे चेन्नई में भारी पुलिस बल तैनात है और ट्रैफिक के रास्तों में बदलाव किया गया है।
द्रविड़ राजनीति के दबदबे का अंत
तमिलनाडु में दशकों पुराने द्रविड़ राजनीति का दबदबा कमजोर हुआ है। इसके चलते अभिनेता से राजनेता बने सी. जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कडग़म राज्य में एक प्रमुख राजनीतिक शक्ति बनकर उभरी है। विजय 120 विधायकों के समर्थन के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। चेन्नई में आयोजित होने वाले इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत कई दिग्गजों के शामिल होने की उम्मीद है।
टीवीके का हुआ उदय
हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में विजय की पार्टी टीवीके सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है। 234 सीटों वाली विधानसभा में टीवीके ने 108 सीटें जीती हैं। हालांकि यह बहुमत के 118 के आंकड़े से थोड़ा कम था, लेकिन विजय ने दूसरे दलों का साथ लेकर सरकार बनाने का रास्ता साफ कर लिया। कांग्रेस ने अपने पांच विधायकों के साथ उन्हें बिना शर्त समर्थन दिया है। इसके अलावा सीपीआई और सीपीआई (एम) के चार, वीसीके के दो और आईयूएमएल के दो विधायकों ने भी विजय को अपना समर्थन पत्र सौंपा है। इस तरह विजय के पास कुल 120 विधायकों का समर्थन हो गया।
